फिर गहरे कुंए में गिरा हाथी शावक, कई घंटे की मशक्कत के बाद सुरक्षित निकाला गया बाहर

by Kakajee News

रायगढ़। छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिले में बढ़ती हाथियों की संख्या उनके लिये ही जी का जंजाल बनी हुई है। आये दिन अपने दल के साथ भटकते शावक इसका शिकार हो रहे हैं। खेतों में बने कुंए में गिरने के कारण इनके साथ होनें वाली दुर्घटनाओं को लेकर वन विभाग सिमित संसाधनों के साथ हाथी शावको को बचाने में कामयाबी हासिल कर रहे हैं लेकिन लगातार हो रही इस प्रकार की घटनाओं से और अधिक सजग होनें की बजाए वन विभाग केवल इनके मूवमेंट पर नजर रखकर कब कुछ ठीक ठाक होनें का दावा कर रहा है।
तीन दिन के भीतर हो गई दो घटना
रायगढ़ जिले के घरघोड़ा वन परिक्षेत्र के चारमार के जंगल में एक हाथी शावक कुंए में गिरने की घटना के बाद दूसरी घटना गुरूवार की तड़के खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तेंदुमुडी में देखने को मिली और वहां भी जंगल के किनारे किसान द्वारा बनाये गए गहरे कुंए में एक हाथी शावक गिर गया जिसमें पानी भी भरा हुआ था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास ग्रामीणों की भारी भीड वहां जुट गई। वन विभाग को स्थानीय लोगों से जानकारी मिलने के बाद पहुंची जेसीबी की मदद से हाथी शावक को निकालने की तैयारियां भी की गई। आसपास के इलाके के सैकड़ो की संख्या में ग्रामीण उस जगह पहुंच गए और बचाव दल के साथ हाथी शावक को निकालने के लिये घंटो तक जुटे रहे।
पांच घंटे तक चला आपरेशन
खरसिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम तेंदुमुड़ी से लगे जंगलों में हाथी शावक के कुंए में गिरने की घटना की जानकारी मिलने के बाद वन विभाग की टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से पांच घंटे बाद हाथी शावक को कुंए से निकालने में कामयाबी हासिल की। कुंए से निकलते ही हाथी शावक ने जेसीबी को पकड़ने का भी प्रयास किया और इसी बीच भीड के लोग भी इस शावक को जंगल की ओर दौड़ाते दिखे। ग्रामीण लाठी डंडे से लैस होकर हाथी को खदेडने के लिये सजग रहते है। और यही कारण है कि हाथी शावक के कुंए में गिरने के बाद पास के जंगलों से उनका झंुड चिंघाड रहा था। तब ग्रामीणों ने अपने बचाव के लिये यह रवैया अपनाया।

Related Posts

Leave a Comment