गौ-तस्करी पर कोण्डागांव पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 47 गौवंश मुक्त, 6 आरोपी गिरफ्तार

by Kakajee News

 

कोंडागांव। थाना कोण्डागांव पुलिस ने पशु तस्करी के गंभीर मामले में त्वरित और प्रभावशाली कार्रवाई करते हुए 47 नग गौवंश के जानवरों को तस्करों के कब्जे से मुक्त कराया है। इस मामले में छह आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।

यह कार्रवाई 3 जून 2025 को की गई, जब प्रार्थी विनय दास मानिकपुरी ने रिपोर्ट दर्ज कराई कि कुछ व्यक्ति गौवंशीय पशुओं को मारते-पीटते, भूखे-प्यासे हालत में उड़ीसा स्थित कत्लखाना ले जा रहे हैं। थाना कोण्डागांव में अपराध क्रमांक 201/2025 धारा छत्तीसगढ़ कृषिक पशु परिरक्षण अधिनियम की धारा 4, 6, 10 एवं पशु क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(1)(घ) के तहत मामला दर्ज कर त्वरित विवेचना प्रारंभ की गई।

पुलिस अधीक्षक वाय. अक्षय कुमार के निर्देशन, एएसपी कौशलेन्द्र देव पटेल के पर्यवेक्षण तथा एसडीओपी रूपेश कुमार के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोण्डागांव ने टीम गठित कर घेराबंदी की और मौके से 47 गौवंशीय पशुओं को बरामद किया। पूछताछ में गिरफ्तार आरोपियों—जयराम बघेल, तुलाराम नाग, डुमकर मौर्य, गुडुराम नाग, रतन सुना और पदलाम सुना—ने पशुओं को कत्लखाने ले जाने की बात कबूल की, लेकिन उनके पास कोई वैध दस्तावेज नहीं था।

जप्त पशुओं को पशु चिकित्सक की निगरानी में सुरक्षित स्थान पर रखा गया है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में पशु तस्करी पर नकेल कसने की दिशा में एक मजबूत संदेश गया है।

Related Posts

Leave a Comment