पेड़ से फंदा लगाकर की खुदकुशी, सुसाइट नोट में लिखा- पटवारी ने 5 हजार रु. लेने के बाद भी नहीं दी जमीन की पर्ची

by Kakajee News

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक किसान ने प्रताड़ना से तंग आकर खुदकुशी कर ली। उसका शव शुक्रवार को पेड़ से लटकता मिला है। पुलिस ने किसान के घर से एक सुसाइड नोट भी बरामद किया है। इसमें लिखा है कि पटवारी ने जमीन की खो गई पर्ची बनवाने के लिए 5 हजार रुपए मांगे थे। रुपए देने के बाद भी वह 6 माह से चक्कर लगा रहा था। इसके कारण वह जमीन की रजिस्ट्री नहीं करा सका। मामला तखतपुर थाना क्षेत्र का है। उधर, मामले की जानकारी के बाद एसडीएम ने आरोपी पटवारी उत्तम प्रधान को सस्पेंड कर दिया। वहीं पुलिस ने आरोपी पटवारी को आत्महत्या के लिए उकसाने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक, ग्राम राजा कापा निवासी छोटू राम कैवर्त को अपनी जमीन की 31 मार्च तक रजिस्ट्री करानी थी। उसके जमीन की पर्ची खो गई थी। जिसे बनवाने के लिए करीब 6 माह से पटवारी के चक्कर लगा रहा था। आरोप है कि करीब डेढ़ माह पहले पटवारी ने उससे 5 हजार रुपए भी लिए थे, लेकिन फिर भी पर्ची बनाकर नहीं दी। जिसके कारण तय समय बीत गया और वह रजिस्ट्री नहीं करा सका। इसके बाद शुक्रवार सुबह उसका शव मिला।
छोटू राम राजाकापा में अपनी 70 डिसीमल जमीन बेचकर बहुरता खार में अपने खेत के पास जमीन लेना चाह रहा था। इसके लिए उसने निगारबन्द के एक व्यक्ति से सौदा तय कर लिया था। रजिस्ट्री के लिए ऋण पुस्तिका की आवश्यकता थी जो कि गुम हो गयी थी। ऋण पुस्तिका बनवाने के लिए पटवारी उत्तम प्रधान से डेढ़ महीने पहले मिले तो उसने पांच हजार लगने की बात कही। छोटू ने पांच हजार दे भी दिए लेकिन पटवारी ने ऋण पुस्तिका बनाकर नही दी। इसके कारण उसके जमीन की रजिस्ट्री नहीं हो पा रही थी। पटवारी से बार-बार संपर्क करने पर वह गोल-मोल जवाब देता रहा मगर ऋण पुस्तिका बनाकर नहीं दी। इससे क्षुब्ध होकर छोटू ने फांसी लगाकर अपनी जान दे दी।

Related Posts

Leave a Comment