अंबिकापुर । सरगुजा जिला के उदयपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम गुमगा में मंगलवार की रात एक दर्दनाक सड़क हादसे में 24 वर्षीय युवक की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि मोटरसाइकल सवार युवक मवेशी से टकराकर नीचे गिर गया,जिसके बाद युवक को कार ने कुचल दिया जिससे उसकी मौत हो गई।
यह हादसा अंबिकापुर-बिलासपुर राष्ट्रीय राजमार्ग-130 पर उदयपुर में मार्तंड पेट्रोल पंप के पास रात लगभग आठ बजे हुआ।
प्राप्त जानकारी के अनुसार बाइक सवार युवक की टक्कर सड़क पर अचानक आए मवेशी से हो गई, जिससे वह अनियंत्रित होकर गिर पड़ा। उसी समय पीछे से तेज रफ्तार में आ रही कार ने सड़क पर गिरे युवक को कुचल दिया।हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया था,उसके सिर पर गहरी चोट लगने के कारण बहुत ज्यादा रक्त स्राव हो गया था।घायल युवक को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र उदयपुर पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मृतक की पहचान पुनेश्वर पिता सोमार साय उम्र 24 वर्ष निवासी ग्राम रामपुर, थाना लखनपुर के रूप में हुई है। वह ग्राम परसा स्थित कोल खनन कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड के रूप में कार्यरत था। घटना के बाद मृतक के गांव और परिवार में मातम पसरा हुआ है।
