भाटापारा । ग्राम मोपका में दीवाल निर्माण को लेकर हुए आपसी विवाद ने एक व्यक्ति की जान ले ली। इस गंभीर वारदात में पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार कर लिया है।
घटना 18 जुलाई की शाम करीब 7 बजे की है, जब ग्राम मोपका निवासी मनाराम निषाद अपने घर के सामने पानी जमा होने की शिकायत लेकर बाहर निकले। आरोप है कि पड़ोसी एवं रिश्ते में जेठ मनहरण निषाद (60 वर्ष) एवं जेठानी सुरजोतिन निषाद (55 वर्ष) दीवाल खड़ी कर रहे थे, जिससे पानी प्रार्थिया कौशल्या निषाद के घर में घुस रहा था। इसी बात को लेकर कहासुनी शुरू हुई और देखते ही देखते मामला इतना बढ़ गया कि दोनों आरोपियों ने मिलकर मनाराम निषाद पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पिटाई इतनी बेरहमी से की गई कि मनाराम वहीं बेहोश होकर गिर पड़ा। प्रार्थिया कौशल्या निषाद जब अपने पति को बचाने पहुंची तो उसे भी मारपीट का शिकार बनना पड़ा। मनाराम को गंभीर अवस्था में जिला अस्पताल बलौदाबाजार ले जाया गया, जहां से उसे रायपुर के डीकेएस अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन अगले दिन 19 जुलाई को इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
प्रकरण में थाना भाटापारा ग्रामीण में अपराध क्रमांक 470/2025 धारा 296, 115(1), 109(1), 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में दोनों आरोपियों ने दीवाल खड़ा करने की बात को लेकर आवेश में आकर हत्या करना स्वीकार किया।
