रायगढ़। तमनार थाना पुलिस ने आमाघाट फिटिंगपारा में 25 वर्षीय सुजीत खलखो की हत्या के मामले का खुलासा किया गया है। पुलिस ने हत्या में शामिल मुख्य आरोपी सूरज धनवार और दो विधि के साथ संघर्षरत बालकों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है।
घटना 27 अगस्त की रात की है, जब प्रार्थी सुरेश कुमार मिंज ने थाना तमनार में रिपोर्ट दर्ज कराई कि वह अपने घर पर सुजीत खलखो के साथ भोजन कर रहा था। इसी दौरान गांव के ही सूरज धनवार अपने दो साथियों के साथ वहां पहुंचा और पुरानी रंजिश को लेकर गाली-गलौज करने लगा। विवाद बढ़ते ही आरोपियों ने हाथ-मुक्का और टांगी से हमला कर सुजीत खलखो की हत्या कर दी और मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी कमला पुसाम ठाकुर अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचीं और वरिष्ठ अधिकारियों को अवगत कराया। पुलिस ने मामला गंभीरता से लेते हुए धारा 103(1), 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू की।
पुलिस ने घेराबंदी कर आरोपियों को पूंजीपथरा-तमनार क्षेत्र के बीच जंगल से दबोच लिया। उनकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त टांगी और अन्य अहम साक्ष्य बरामद किए गए। इसके बाद तीनों आरोपियों को आज न्यायालय में पेश कर रिमांड पर भेजा गया है।
गिरफ्तार आरोपी –
1. सूरज धनवार पिता सुकलाम्बर धनवार, उम्र 22 वर्ष, निवासी फिटिंगपारा दांदरी आमाघाट, थाना तमनार
2. दो विधि के साथ संघर्षरत बालक
