भाटापारा। थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने कर्जा एक्ट के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्राम देवरी निवासी आरोपी संतोष साहू उर्फ़ अफ्रीदी (26 वर्ष) को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर उधारी की रकम लौटाने के नाम पर ब्याज व चक्रवृद्धि ब्याज वसूलने, अश्लील गाली-गलौज करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार प्रार्थी अरविंद डांडे निवासी ग्राम देवरी ने 17 नवंबर 2024 को रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि उसने वर्ष 2021 में आरोपी से 10,000 रुपये उधार लिए थे। रकम लौटाने पर भी आरोपी ने ब्याज और चक्रवृद्धि ब्याज के नाम पर लगातार उससे हजारों रुपये वसूल किए। विरोध करने पर आरोपी ने गाली-गलौज कर धमकी दी, जिससे प्रार्थी ने डर के कारण अतिरिक्त राशि भी दी। यहां तक कि एक ब्लैंक चेक भी आरोपी को देनी पड़ी।
मामले में थाना भाटापारा ग्रामीण पुलिस ने अपराध क्र. 600/2024 धारा 308(2), 127(1), 296, 351(2) बीएनएस एवं 03, 04 कर्जा एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विवेचना शुरू की। पुलिस अधीक्षक भावना गुप्ता के निर्देशन में जांच के दौरान आरोपी संतोष साहू उर्फ अफ्रीदी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई, जिसमें उसने ब्याज और धमकी देने की बात स्वीकार की।
पुलिस ने आरोपी को 3 सितंबर 2025 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। प्रकरण की विवेचना जारी है।
