बालोद। पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। चिटफंड कंपनी का फरार डायरेक्टर काली प्रसाद मिश्रा को पुलिस ने ओडिशा की राजधानी भुवनेश्वर से गिरफ्तार किया है। दुर्ग रेंज के पुलिस महानिरीक्षक रामगोपाल गर्ग और एसपी योगेश पटेल के निर्देशन में थाना बालोद और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने यह कार्रवाई की।
पुलिस के मुताबिक आरोपी वर्षों से फरार था। वह माइक्रोलीजिंग एंड फंडिंग लिमिटेड और माइक्रोफाइनेंस नाम की चिटफंड कंपनियों का डायरेक्टर रह चुका है। आरोप है कि कंपनी ने ज्यादा ब्याज देने का लालच देकर छत्तीसगढ़ के निवेशकों से करोड़ों रुपयों की ठगी की। 2016 में थाना बालोद में धोखाधड़ी, जालसाजी और चिटफंड अधिनियम के तहत मामला दर्ज हुआ था।
टीम ने तकनीकी जांच और स्थानीय मुखबिरों की मदद से आरोपी का ठिकाना भुवनेश्वर में तलाशकर उसे धर दबोचा। आरोपी ने पूछताछ में माना कि कंपनी बंद होने के बाद से वह लगातार छिपकर रह रहा था और जान-पहचान से उधार लेकर छोटे-छोटे फिल्मी प्रोजेक्ट कर जीवनयापन कर रहा था।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी शिशुपाल सिन्हा, एसआई कमला यादव, साइबर सेल प्रभारी धरम भुआर्य सहित टीम के जवानों का विशेष योगदान रहा।
