बलरामपुर रामानुजगंज जिले के ग्राम बनापति, पुलिस चौकी विजयनगर क्षेत्र में आकाशीय बिजली गिरने से बड़ा हादसा हो गया। शुक्रवार को अचानक मौसम खराब होने के चलते तेज आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बिजली गिरी, जिससे शिवकुमार पिता धनराज के तीन मवेशियों की मौके पर ही मौत हो गई। मवेशी घर के पास एक पेड़ के नीचे बंधे हुए थे, जब यह घटना हुई। बिजली गिरने से पास का एक पोल खंभा भी टूट गया और विद्युत तार क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित हो गई।
वहीं दूसरी ओर, रामानुजगंज से लगभग 5 किलोमीटर दूर ग्राम लुरगी के पास मुख्य सड़क पर लिप्टिस का एक विशाल पेड़ गिर गया। यह घटना लुरगी मोड़ के पास हुई, जिससे आवागमन घंटों तक ठप रहा और सड़क पर जाम की स्थिति बन गई। पेड़ गिरने से वहां लगा बिजली का खंभा भी क्षतिग्रस्त हो गया। प्रशासन द्वारा राहत कार्य जारी है और सड़क से पेड़ हटाने का काम किया जा रहा है।
