बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के चलगली थाना क्षेत्र अंतर्गत अल्का गांव में सरपंच की तालिबानी हरकत सामने आई है। गांव के एक युवक को हाथ बांधकर बेरहमी से डंडे से पीटते हुए वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।
जानकारी के अनुसार, युवक की पिटाई गांव के सरपंच ललन सिंह धुर्वे द्वारा की गई, जो वीडियो में साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। आरोप है कि किसी आपसी विवाद के चलते सरपंच ने पंचायत की गरिमा को ताक पर रखकर खुद ही न्याय करने का फैसला लिया और युवक को सार्वजनिक रूप से बांधकर डंडों से पीटने लगा।
इस पूरी घटना का वीडियो गांव के ही किसी व्यक्ति ने बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया, जिसके बाद मामला तूल पकड़ गया। पिटाई से गंभीर रूप से घायल युवक को इलाज के लिए सिविल अस्पताल वाड्रफनगर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस ने मामला संज्ञान में लेकर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित परिवार की ओर से शिकायत मिलने की पुष्टि की जा रही है। वायरल वीडियो के आधार पर आरोपी के खिलाफ जल्द कार्रवाई की उम्मीद है।
