बीजापुर। शहर में लापरवाह बाइक स्टंटबाजी पर पुलिस ने सख्त रुख अपनाया है। हाल ही में सोशल मीडिया पर वायरल एक वीडियो में नीले रंग की एक्टिवा वाहन पर सवार पाँच युवक बिना हेलमेट के खतरनाक स्टंट करते नजर आए। वीडियो में युवकों द्वारा रात के समय मुख्य राजमार्ग पर ट्रैफिक नियमों की खुलेआम धज्जियाँ उड़ाई गई थीं।
वीडियो वायरल होते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. जितेन्द्र कुमार यादव के निर्देशन में थाना कोतवाली बीजापुर एवं यातायात पुलिस ने त्वरित संज्ञान लिया। कार्रवाई करते हुए दिनांक 29 सितम्बर 2025 की देर शाम चार युवकों एवं एक विधि से संघर्षरत बालक तथा वाहन स्वामी को अभिरक्षा में लिया गया। सभी के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत इस्तगाशा तैयार कर विधिक कार्यवाही की गई है।
पुलिस की युवाओं से अपील
एक पल का रोमांच, जीवन भर का पछतावा बन सकता है!
स्टंट करने की ललक में अपनी जान और दूसरों की सुरक्षा से खिलवाड़ न करें।
हेलमेट न पहनना, ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करना बहादुरी नहीं, घातक लापरवाही है।
सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए जान जोखिम में डालना, परिवार और समाज की चिंता से खिलवाड़ है।
सड़के स्टंट के लिए नहीं, सुरक्षित यातायात के लिए हैं।
कृपया ट्रैफिक नियमों का पालन करें, हेलमेट और सुरक्षा उपकरणों का प्रयोग करें।
