बालोद। जिले की साइबर सेल और डौण्डीलोहारा थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। बीएसपी के रिटायर बुजुर्ग कर्मचारी से पीएम किसान ऐप के नाम पर 12 लाख 13 हजार 860 रुपए की साइबर ठगी करने वाले गिरोह के मुख्य आरोपी विकास कुमार दास को पुलिस ने मधुपुर, देवघर (झारखंड) से गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने बताया कि प्रार्थी, जो बीएसपी से सेवानिवृत्त कर्मचारी हैं, ने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने उनके व्हाट्सएप नंबर पर ‘PM KISAN APK’ फाइल भेजी थी। फाइल डाउनलोड होते ही मोबाइल हैक हो गया और आरोपी ने पीड़ित के मोबाइल नंबर का क्लोन ई-सिम बनाकर ओटीपी हासिल किए। इसके बाद फोनपे समेत अन्य यूपीआई ऐप्स के माध्यम से ऑनलाइन ट्रांजेक्शन कर कुल 12,13,860 रुपए निकाल लिए गए। पीड़ित की रिपोर्ट पर थाना डौण्डीलोहारा में अपराध क्रमांक 101/25 धारा 317(4) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज कर साइबर जांच शुरू की गई।
मामले की लगातार तकनीकी जाँच के बाद पुलिस ने बिहार के जमुई जिले से तीन आरोपियों —नीतीश कुमार दास (22 वर्ष, ग्राम झुण्डों, थाना खैरा)अरविंद कुमार दास (18 वर्ष, ग्राम बटपाल, थाना चकई)राकेश कुमार दास (21 वर्ष, ग्राम झुण्डों, थाना खैरा) —को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था।
मुख्य आरोपी विकास कुमार दास, पिता गुड्डू दास (23 वर्ष), निवासी ग्राम केसरगढ़ा, थाना मधुपुर, जिला देवघर, झारखंड, फरार चल रहा था। विशेष पुलिस टीम ने झारखंड में कैंप लगाकर मुखबिरों की मदद से आरोपी को गिरफ्तार किया।
37
