हमसे का भूल हुई जो ये सजा हमको मिली… सिर पर बोरा रख बेचने वाले शिक्षक ने सीएम से लगाई गुहार

by Kakajee News

सिर पर बोरा रखकर बेचने वाले बिहार के कटिहार जिले के शिक्षक को निलंबित कर दिया गया है। निलंबित होने के बाद शिक्षक मोहम्मद तमीजद्दीन ने एक वीडियो जारी कर राज्य के सीएम नीतीश कुमार से न्याय की गुहार लगा रहे हैं।

बता दें कि कदवा प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय कांताडीह के पंचायत शिक्षक मोहम्मद तमीजद्दीन को राज भोगांव पंचायत के सचिव ने निलंबित कर दिया है। स्थापना समिति के डीपीओ कामेश्वर प्रसाद गुप्ता ने बताया कि प्राथमिक विद्यालय कांताडीह के पंचायत शिक्षक मोहम्मद तमीजद्दीन द्वारा विभागीय निर्देश का अनुपालन नहीं किया गया है। प्रतिवेदन की मांग किए जाने पर उनके द्वारा सोशल मीडिया पर खाली बोरा का बंडल सिर पर रखकर बोरा ले लो, बोरा का नारा देते हुए सार्वजनिक स्थल पर प्रदर्शन करते हुए वीडियो वायरल किया गया है।

डीपीओ ने आगे बताया कि मोहम्मद तमीजद्दीन का यह आचरण बिहार पंचायत प्रारंभिक वद्यिालय सेवा नियमावली 2020 की कंडिका 17 के अंतर्गत शिक्षक आचरण संहिता के प्रतिकूल है व सरकारी राजस्व की हानि तथा वित्तीय अनियमितता बरतने का द्योतक के साथ मोहम्मद तमीजद्दीन के इस कृत्य से सरकार की छवि धूमिल हुई है। जिला शिक्षा पदाधिकारी के निर्देश के आलोक में उन्हें तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है तथा उनका मुख्यालय प्रखंड शिक्षा पदाधिकारी कार्यालय, कदवा निर्धारित किया गया है। शिक्षा विभाग के विशेष सचिव सह निदेशक एमडीएम सतीश चंद्र झा ने डीईओ को कार्रवाई करने का निर्देश दिया था।

Related Posts

Leave a Comment