उफनती नदी में नहाने गए 9 में से 3 छात्र बह गए

by Kakajee News

बोकारो जिले के हरला थाना क्षेत्र के भतुआ गांव में निर्जन स्थान पर रविवार सुबह दामोदर नदी में नहाने गए नौ में से तीन छात्र डूब गए। डूबने वाले छात्रों में बधरायबेरा निवासी तारकेश्वर मिस्रा का पुत्र शुभम मिश्रा, सेक्टर तीन निवासी दीपक प्रसाद का पुत्र हर्षराज, सेक्टर नौ निवासी स्व. अवधेश का पुत्र बसंत कुमार ऊर्फ भोलू शामिल है।

तीनों एमजीएम में 12वीं के छात्र हैं। तीनों छात्रों की उम्र 17 वर्ष के आसपास है। डूबे छात्रों के साथ स्नान के लिए गए सेक्टर तीन निवासी सुखदेव रविदास के पुत्र नितिन कुमार की सूचना पर पुलिस व जिला प्रशासन की टीम ने राहत व बचाव का काम शुरू किया। परन्तु उफनाती दामोदर की तेज धार को देख नदी में उतरने की किसी ने हिम्मत नहीं जुटाई। स्थानीय स्तर पर डूबे छात्रों की तलाश में प्रयास किया। पर कोई फायदा नहीं मिला। अंत में चास सीओ दिलीप कुमार ने वरीय पदाधिकारी से विचार कर एनडीआरएफ रांची से संपर्क किया। हरला पुलिस, जिला प्रशासन व परिजन अब एनडीआरएफ के इंतजार में है।

एक के बाद एक तीनों बह गए
घटनास्थल पर मौजूद नितिन ने पुलिस को बताया कि सभी मित्र रविवार सुबह सात बजे सेक्टर 9 बसंती मोड़ में इकट्ठा हुए। दामोदर में नहाने की प्लानिंग बनाने के बाद भतुआ पहुंचे। पहले शुभम नदी में उतरा और तेज धार में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए हर्ष राज आगे बढ़ा, वह भी डूबने लगा। इसके बाद बसंत दोनों को बचाने गया वह भी साथ में बह गया। नदी तट पर मौजूद छह दोस्तों ने काफी शोर मचाया। पर वहां आसपास लोगों की मौजूदगी बिल्कुल नहीं थी। बचाव में कोई मदद को नहीं आया। फिर 100 डायल पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।

Related Posts

Leave a Comment