पटवारी के पास चक्कर लगाने से मिलेगा छुटकारा, काम करेगा वेब एप

by Kakajee News

रायपुर। रायपुर में अब पटवारियों का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। जिला प्रशासन ने राजस्व मामले जैसे नामांतरण, बंटवारा, सीमांकन आदि कार्यों के सुचारू एवं त्वरित निराकरण के लिए पटवारी सत्यापन एवं निगरानी प्रणाली वेब ऐप्लिकेशन बनाया है। प्रदेश के लिए यह अपने तरह का पायलट प्रोजेक्ट है।
कलेक्टर डा. एस. भारतीदासन ने बताया कि इस प्रणाली को बनाने का मूल उद्देश्य आवेदकों एवं पक्षकारों के न्यायालयीन प्रकरणों, कार्यालयीन आवेदनों के निराकरण के लिए अनिवार्य घटक पटवारी के प्रतिवेदनों को आनलाइन प्रणाली के माध्यम से यथाशीघ्र एवं सरलता से प्राप्त करना है, जिससे आवेदकों एवं पक्षकारों को पटवारी के पास जाने की आवश्यकता से मुक्ति मिल सकेगी।
इस तरह काम करेगा साफ्टवेयर
इस साफ्टवेयर में मुख्यत: दो घटक हैं। एक-पटवारी और दूसरा-राजस्व अधिकारी (अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार)। साफ्टवेयर में दो प्रकार की आइडी निर्मित होगी। एक पटवारी के लिए और दूसरी तहसीलदार, नायब तहसीलदार के वाचक के लिए। इस प्रक्रिया में राजस्व अधिकारियों जैसे अनुविभागीय दंडाधिकारी के वाचक पटवारी प्रतिवेदन के लिए जारी ज्ञापन को संबंधित पटवारी की आइडी इंटरफेस में प्रतिवेदन के लिए अपलोड करेंगे एवं उसकी हस्ताक्षरित प्रति न्यायालय भेजना सुनिश्चित करेंगे। न्यायालयीन प्रकरणों के अलावा भी बहुत से कार्यालयीन, न्यायालयीन आवेदनों, समय-सीमा के पत्र, जनशिकायत इत्यादि में भी पटवारी प्रतिवेदन, स्थल निरीक्षण जांच, पंचनामा आदि की आवश्यकता होती है। इस साफ्टवेयर के माध्यम से ऐेसे प्रतिवेदनों के लिए भी पृथक से विंडो बनाई गई है। साफ्टवेयर में एक डैश बोर्ड भी होगा, जिसमें राजस्व अधिकारी, पटवारी हल्कावार लंबित आवेदनों की विस्तृत जानकारी एक्सेलशीट में प्राप्त की जा सकेगी।

Related Posts

Leave a Comment