अटल स्मृति वर्ष पर रायगढ़ में होंगे विविध कार्यक्रम, 25 दिसंबर को मनाया जाएगा अटल जी का 100वां जन्मवर्ष , अटल चौक की सफाई, दीप प्रज्वलन, प्रदर्शनी और विराट कवि सम्मेलन का होगा आयोजन : विकास केड़िया

by Kakajee News

 

भारत रत्न पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी जी के जन्म के 100 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर रायगढ़ जिला भारतीय जनता पार्टी द्वारा अटल स्मृति वर्ष के अंतर्गत विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। यह जानकारी अटल स्मृति वर्ष के जिला प्रभारी विकास केड़िया ने दी।
विकास केड़िया ने बताया कि 25 दिसंबर को अटल जी के जन्मदिवस के अवसर पर जिले के सभी मंडलों में अटल चौक की सफाई एवं स्वच्छता अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही प्रत्येक घर में शाम के समय दीप प्रज्वलन कर अटल जी को श्रद्धांजलि दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि भाजपा कार्यालय में अटल जी के जीवन एवं विचारों पर आधारित प्रदर्शनी का आयोजन किया जाएगा, वहीं जिले में विराट कवि सम्मेलन के माध्यम से अटल जी की काव्यात्मक और राष्ट्रवादी विरासत को स्मरण किया जाएगा।
अटल स्मृति वर्ष के सफल संचालन हेतु जिले में एक विशेष जिला टोली का गठन किया गया है। इस टोली में जिला सदस्य के रूप में अशोक यादव, महेश चैनानी, दीपक सिदार एवं जगन्नाथ प्रधान को शामिल किया गया है।
विकास केड़िया ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी का जीवन राष्ट्रसेवा, सुशासन और सांस्कृतिक मूल्यों का प्रतीक रहा है, और इन आयोजनों के माध्यम से उनकी स्मृतियों को जन-जन तक पहुंचाया जाएगा।

Related Posts

Leave a Comment