रायपुर। नवा रायपुर के नकटी गांव में हुई बुलडोजर कार्यवाही पर छत्तीसगढ़ विधानसभा में राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने साफ कहा कि यह कार्यवाही पूरी तरह संवैधानिक है। सरकार के इस रुख पर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि संविधान बुलडोजर चलाने का अधिकार नहीं देता, बल्कि संपत्ति धारण करने का अधिकार देता है।
विधानसभा में राजस्व मंत्री का बयान
छत्तीसगढ़ विधानसभा का मानसून सत्र 13 से 17 जुलाई तक चल रहा है। सत्र के दौरान कांग्रेस ने नकटी गांव में घर तोड़े जाने के मामले पर विशेष स्थगन प्रस्ताव लगाया। इसी बहस के दौरान राजस्व मंत्री टंकराम वर्मा ने सदन में सरकार का पक्ष रखते हुए नकटी में हुई तोड़फोड़ की कार्यवाही को पूरी तरह संवैधानिक करार दिया। सरकार का कहना है कि यह अतिक्रमण हटाने की वैध प्रक्रिया थी और प्रभावित परिवारों के पुनर्वास की व्यवस्था की गई है।
मोहम्मद अकबर का जवाब
पूर्व मंत्री मोहम्मद अकबर ने राजस्व मंत्री के बयान पर कड़ी आपत्ति जताई। उन्होंने कहा कि जिन लोगों के घर तोड़े गए हैं, उन्हें संविधान संपत्ति धारण करने का अधिकार देता है, बुलडोजर चलाने का अधिकार किसी को नहीं देता। अकबर ने राज्यपाल पर भी निराशा जताई। उन्होंने कहा कि नकटी के प्रभावित ग्रामवासियों को राज्यपाल महोदय ने मिलने का समय नहीं दिया, जिससे पीड़ित परिवार बेहद निराश हैं। उनसे यह उम्मीद नहीं थी।
