नई दिल्ली।कोल ब्लॉक आवंटन के कारण आईआईटी छात्रों को रोजगार के नये अवसर प्राप्त हो रहे हैं और कई माइनिंग कंपनियां कैंपस प्लेसमेंट के लिए आ रही हैं। कोयला इंडस्ट्री में कोल ब्लॉकों के आवंटन के बाद और अन्य 64 कोल ब्लॉक के आवंटन की प्रक्रिया शुरू होने पर हो गया है, जो आईआईटी आईएसएम धनबाद के माइनिंग इंजीनियरिंग के छात्रों के बेहतर भविष्य के लिए अच्छा है।
माइनिंग कंपनियां आईआईटी आईएसएम के अर्थ साइंस की माइनिंग, मिनरल ग्रेजुएट व अन्य ब्रांच के छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट में हाथों हाथ ले रही हैं।
अभी तक वेदांता, अदाणी समेत अन्य माइनिंग कंपनियों ने या तो कैंपस प्लेसमेंट शुरू कर दिया है या फिर शुरू करने वाली हैं। वेदांता एचजेडएल ने 27 छात्रों तथा वेदांता लिमिटेड ने 9 छात्रों का चयन किया है, जिन्होंने माइनिंग, मिनरल, एमएससी टेक अप्लाइड जियोलॉजी की पढ़ाई की है। एस्सेल माइनिंग एंड इंडस्ट्रीज लिमिटेड ने 6 छात्रों को पे पैकेज ऑफर किया है। संभावना जतायी जा रही है कि आनेवाले दिनों में अभी और माइनिंग कंपनियां कैंपस सेलेक्शन के लिए आयेंगी।
आईआईटी आईएसएम में सत्र 2021 बैच के छात्र-छात्राओं का कैंपस प्लेसमेंट का फाइनल राउंड शुरू हो गया है, जो इस सत्र के अंतिम दिनों तक चलेगा। नौ फरवरी से फाइनल फेज का कैंपस शुरू हुआ है। उससे पहले 31 जनवरी तक 537 छात्रों को कैंपस प्लेसमेंट के जरिये नौकरी मिल चुकी है।
कोरोना महामारी के कारण वर्तमान सत्र के छात्रों का कैंपस प्लेसमेंट पूरी तरह से ऑनलाइन हो रहा है। इस मामले में कैंपस प्लेसमेंट एक्सपर्ट का कहना है कि फाइनल फेज में अब प्रमुख कंपनियों का इंतजार किया जा रहा है। आईआईटी आईएसएम के कॅरियर डेवलपमेंट सेंटर की ओर से प्रमुख कंपनियों को आमंत्रित किया गया है।
