सवाल पूछने में कांग्रेसी विधायक फिसड्डी, नंबर एक पर कौशिक

by Kakajee News

रायपुर। छत्तीसगढ़ विधानसभा में सवाल पूछने में बस्तर और सरगुजा के कांग्रेस विधायक फिसड्डी साबित हुए हैं। पांचवीं विधानसभा के सात सत्र में कांग्रेस विधायक देवेंद्र बहादूर सिंह ने सिर्फ आठ सवाल पूछे हैं। यही नहीं, मोहित राम ने 12 और विक्रम मंडवी ने 14 सवाल पूछे हैं।
प्रश्न पूछने के मामले में नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक सबसे आगे हैं। कौशिक ने अब तक के सभी सत्र में कुल 358 सवाल पूछे हैं। विधानसभा में कांग्रेस और भाजपा के दो-दो विधायकों को उत्कृष्ट विधायक चुना। उत्कृष्ट विधायकों की उपस्थिति और सवाल पूछने के परफार्मेंस को देखें तो भाजपा विधायक सौरभ सिंह नंबर एक पर हैं।
उत्कृष्ट विधायक सौरभ सिंह ने 353, अरुण वोरा ने 339, नारायण चंदेल ने 322 और कुलदीप जूनेजा ने 201 सवाल पूछे हैं। उपस्थिति के मामले में उत्कृष्ट विधायक नारायण चंदेल ने बाजी मारी है। चंदेल 55 दिन, सौरभ 51 दिन, कुलदीप 49 दिन और अस्र्ण वोरा 40 दिन सदन की कार्यवाही में मौजूद रहे।
विधानसभा में चार विधायकों ने 350 से ज्यादा सवाल पूछे। इसमें भाजपा के तीन और कांग्रेस के सिर्फ एक विधायक हैं। नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कौशिक, विधायक बृजमोहन अग्रवाल, सौरभ सिंह और कांग्रेस विधायक संतराम नेताम ने 350 से ज्यादा सवाल पूछे।
विधानसभा में कांग्रेस, भाजपा, जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ और बसपा की 12 महिला विधायक हैं। महिला विधायकों में धमतरी की रंजना साहू सवाल पूछने के मामले में सबसे आगे हैं। रंजना ने 328, बसपा विधायक इंदू बंजारे ने 319, कांग्रेस विधायक छन्नी साहू ने 234 और जनता कांग्रेस छत्तीसगढ़ विधायक रेणु जोगी ने 171 सवाल पूछे।

Related Posts

Leave a Comment