मार्च के महीने में भी कई स्थानों पर मौसम का मिजाज बिगड़ा हुआ है। गर्मी की बजाय बारिश नज़र आ रही है। ताजा अनुमान है कि अगले 24 घंटों में देश के कई राज्यों में तेज बारिश से लेकर ओलावृष्टि की संभावना है। स्काइमेट वेदर के मुताबिक अगले 24 घंटों के दौरान मध्य प्रदेश, विदर्भ और छत्तीसगढ़ के कुछ हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश होने या गरज के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है। राजस्थान, जम्मू-कश्मीर, गिलगित बाल्टिस्तान, मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश होने का अनुमान है। सिक्किम, असम और अरुणाचल प्रदेश के भी कुछ हिस्सों में हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक एक बेहद सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ इस समय उत्तर भारत के पहाड़ों की तरफ बढ़ रहा है। यह सिस्टम 20 मार्च के आसपास पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों तक पहुंच जाएगा। यह 21 से 24 मार्च के बीच पहाड़ी राज्यों पर व्यापक बारिश और हिमपात देगा। 22 मार्च तक बारिश और हिमपात की गतिविधियां हिमाचल प्रदेश तक ही सीमित रहेंगी। जबकि 23 और 24 मार्च को उत्तराखंड के कई हिस्सों में अच्छी बारिश और हिमपात की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। पूरे भारत में मौसम करवट ले रहा है। कई राज्यों में बरसात और ओलावृष्टि का अनुमान है। मौसम विभाग के अनुसार पहाड़ी राज्यों के ऊपर बने पश्चिमी विक्षोभ का असर देखने को मिल रहा है। आईएमडी ने आगामी 24 घंटे में राजस्थान, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर और उत्तरी पश्चिमी हिमालयी क्षेत्रों के कई इलाकों में हल्की बारिश की आशंका जताई है। उत्तर भारत के कई राज्यों में आने वाले दो दिन गरज के साथ हल्की वर्षा होने की संभावना है। वहीं स्काईमेट वेदर के मुताबिक इस समय जम्मू-कश्मीर के ऊपर पश्चिम विक्षोभ बना है। राजधानी दिल्ली में बादल छाए रहेंगे। आईएमडी के अनुसार अगले तीन दिनों में असम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश और पश्चिम बंगाल में बरसात हो सकती है। वहीं अगले पांच दिनों तक तापमान में वृद्धि की संभावना है। गुजरात के सौराष्ट्र और कच्छ में लू जैसे हालात हो सकते हैं। अन्य राज्यों में सक्रिय वेदर सिस्टम के कारण मध्यप्रदेश के कई शहरों में मौसम का मिजाज बिगड़ गया है। भोपाल में शाम 5 बजे के बाद गरज-चमक के साथ बारिश दर्ज की गई है। मौसम विशेषज्ञ अजय शुक्ला ने कल (शुक्रवार) भोपाल, जबलपुर, सागर, श्योपुरकलां और डिंडोरी में बरसात होने की आशंका जताई है। शुक्ला के मुताबिक वर्षा का सिलसिला 21 मार्च तक बना रहेगा। आईएमडी के अनुसार राजस्थान के उदयपुर, कोटा, अजमेर, जयपुर और बीकानेर संभाग में अगले दो दिन हल्की बारिश हो सकती है।
276
