देश के इन शहरों में आज रात से लॉकडाउन, होली पर भी कोरोना का साया

by Kakajee News

क्या देश एक बार फिर लॉकडाउन की तरफ बढ़ रहा है? कोरोना के तेजी से बढ़ते केस और लोगों की लापरवाही देखते हुए इस बात की आशंका जताई जा रही है। लोग मास्क पहनने और शारीरिक दूरी का पालन करने के नियमों का पालन नहीं कर रहे हैं। यही कारण है कि महाराष्ट्र, पंजाब और मध्य प्रदेश में नाइट कर्फ्यू और लॉकडाउन लगाया गया है। बीते 24 घंटों में जो नए केस सामने आए हैं, इनमें पांच राज्यों की स्थिति सबसे ज्यादा खराब है। ये राज्य हैं, महाराष्ट्र, पंजाब, गुजरात, कर्नाटक और छत्तीसगढ़। इस बीच, देश के कई शहरों में शनिवार रात से सोमवार सुबह तक पूर्ण लॉकडाउन की तैयार हो गई है। इनमें मध्य प्रदेश के इंदौर, भोपाल और जबलपुर भी शामिल है। तीन शहरों में शनिवार रात 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक यानी कुल 32 घंटे का लॉकडाउन लगाने का ऐलान किया गया है। 31 मार्च तक इन तीन शहरों में स्कूल-कॉलेज भी बंद रहेंगे। इस दौरान आवश्यक सेवाएं और उद्योग चालू रहेंगे। बिना अनुमति सामाजिक समारोह भी नहीं आयोजित किए जाएंगे।
होली पर कोरोना का साया: इस साल 28 मार्च को होलिका दहन है जब कि 29 मार्च को होली खेली जाएगी, लेकिन लोगों की लापरवाही ने होली के रंग में भंग का काम कर दिया है। अधिकांश राज्य अपने यहां होली के जश्न पर रोक लगाने का मन बना चुके हैं। इस बार भी होली के सार्वजनिक आयोजनों पर रोक रहेगी। छत्तीसगढ़ में सार्वजनिक कार्यक्रमों के साथ ही नगाड़ा और डीजे पर रोक लगा दी है।
उद्धव बोले, लॉकडाउन एक विकल्प
कोरोना महामारी से सबसे बुरी तरह से प्रभावित महाराष्ट्र एक बार फिर इसकी गंभीर चपेट में फंसता जा रहा है। राज्य में रोजाना संक्रमण के मामले बढ़ रहे हैं। मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे को कहना पड़ गया है कि हालात को काबू में करने के लिए लॉकडाउन भी एक विकल्प है। इस बीच, राज्य सरकार ने थियेटर और ऑडिटोरियम को 31 मार्च तक 50 फीसद क्षमता से चलाने का आदेश दिया है। इस संबंध में शुक्रवार को जारी अधिसूचना में स्वास्थ्य सेवाओं और अन्य आवश्यक सेवाओं को छोड़कर निजी क्षेत्र के दफ्तरों को भी कर्मचारियों की 50 फीसद क्षमता के साथ काम करने को कहा गया है। जबकि, सरकारी और अर्धसरकारी दफ्तरों के लिए वहां के हेड को कर्मचारियों की संख्या को निर्धारित करने का अधिकार दिया गया है। उत्पादन इकाइयों को 100 फीसद क्षमता के साथ काम करने की अनुमति होगी। हालांकि, उत्पादन इकाइयों में शारीरिक दूरी को बनाए रखने के लिए अधिक पारियों में काम कराने की सलाह दी गई है। साथ ही प्रत्येक कर्मचारी के लिए मास्क और इकाई के प्रवेश द्वार पर ही तापमान की जांच करने की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है।

Related Posts

Leave a Comment