गैस कटर से एटीएम को काटने का प्रयास, असफल होने पर शटर गिराकर भागा बदमाश

by Kakajee News

रायपुर। एक अज्ञात आरोपित ने गैस कटर से एटीएम को काटकर चोरी करने का प्रयास किया है। चोरी करने में असफल होने पर वो एटीएम का शटर गिराकर वहां से भाग गया। अगली सुबह बैंक के अधिकारी वहां पहुंचे तो उन्हें एटीएम का शटर नीचे गिरा मिला। संदेह होने पर शटर उठाकर देखा गया तो एटीएम क्षतिग्रस्त हालत में मिला। हालांकि आरोपित एटीएम में रखे रुपये को चोरी करने में सफल नहीं हो सका है। शिकायत पर सुपेला पुलिस ने अज्ञात आरोपित के खिलाफ चोरी के प्रयास की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस ने बताया कि उक्त घटना भिलाई में चंद्रा- मौर्या टाकीज के पास स्थित केनरा बैंक के एटीएम में हुई है। बैंक मैनेजर अमित सिंह ने घटना की प्राथमिकी दर्ज कराई है। पुलिस ने बताया कि दो से चार जनवरी के बीच की घटना है। एटीएम के बगल में स्थित बैंक के सभी कर्मचारी दो जनवरी शाम करीब छह बजे घर चले गए थे। चार जनवरी की सुबह सभी कर्मचारी बैंक पहुंचे तो उन्हें एटीएम का शटर बंद हालत में मिला। शटर उठाकर देखने पर उन्हें एटीएम क्षतिग्रस्त हालत में मिला। शिकायत पर सुपेला पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोपित की पतासाजी शुरू कर दी है।

हैंड गैस कटर लेकर घुसा था अकेला
एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे के फुटेज की जांच करने पर उसमें एक आरोपित दिखा है। वो कोई भारी-भरमक गैस कटर लेकर नहीं, बल्कि बैग में रखा जाने वाला हैंड गैस कटर लेकर घुसा था। काफी प्रयास के बाद भी वो एटीएम को काटने में सफल नहीं हो सका। घटना के समय एटीएम में करीब 75 से 80 हजार रुपये थे। बता दें कि जिस स्थान पर घटना हुई है। वो नेशनल हाइवे से कुछ कदमों की दूरी पर स्थित है, लेकिन जिस स्थान पर घटना हुई है। वो थोड़ा पीछे पड़ जाता है और वहां पर चहल-पहल न के बराबर हो जाती है।

Related Posts

Leave a Comment