रायपुर। सालभर बाद स्थिति सुधरी ही थी कि कोरोना ने एक बार फिर दस्तक दे दी है। पिछले कुछ दिनों में महामारी ने जिस तेजी से रफ्तार पकड़ी है उसके बाद शासन-प्रशासन भी अलर्ट मोड पर है। इन सबके बीच हुरियारों के अरमानों पर पानी फिरता नजर आ रहा है। वो इसलिए क्योंकि संक्रमण पर नियंत्रण के लिए जिला प्रशासन ने नई गाइडलाइन तैयार की है। इसके तहत होलिका दहन और होली में कई तरह की पाबंदियां लगाई जाएंगी, ताकि कहीं भी भीड़ इकट्ठी न हो। नई गाइडलाइन अगले एक-दो दिन में जारी की जा सकती है।
मिली जानकारी के मुताबिक सार्वजनिक स्थानों पर होली मिलन समारोह नहीं हो सकेंगे। इन स्थानों पर नगाड़ा, डीजे या लाउडस्पीकर का इस्तेमाल भी पूर्णत: प्रतिबंधित रहेगा। इसके अलावा लोग यदि घर में कोई कार्यक्रम आयोजित करते हैं तो भी एहतियात बरतना जरूरी होगा। घर में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की थर्मल स्क्रीनिंग करनी होगी। इसके अलावा कोरोना से बचाव के लिए भारत सरकार और डब्ल्यूएचओ द्वारा जारी सभी नियमों का पालन करना अनिवार्य होगा। वहीं, होली के दिन 5 से अधिक लोगों के साथ घूमने पर भी पाबंदी रहेगी। ऐसा करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा सकती है।
280
