रायगढ़। रायगढ़ शहर के अंदर अलग-अलग क्षेत्रों में संचालित हुक्काबार में कोई कार्रवाई नही होने से सुबह से देर रात तक वहां नाबालिग युवक व युवतियों का जमावड़ा हो रहा है। वहीं कोतरा रोड में संचालित जे जे हुक्का बार में कोतवाली पुलिस के द्वारा कई दफे छापा मार कार्रवाई करने के बावजूद फिर से वहां फास्ट फूड के नाम पर हुक्का का संचालन शुरू हो जाता है।
कोरोनाकाल में जहां सोशल डिस्टेंश और मास्क अनिवार्य किया गया है ताकि कोरोना के बढ़ते संक्रमण से कुछ हद तक बचा जा सके। वहीं दूसरी तरफ शहर के कुछ लोगों के द्वारा चंद पैसे कमाने की लालच में अवैध हुक्काबार चलाकर युवक-युवतियों को अपने संस्थानों में जमावडा लगाकर कोरोना के तीसरे लहर को आमंत्रित किया जा रहा है।
शहर के चक्रधर नगर बोईरदादर रोड़, कबीर चौक के आगे बाईपास मार्ग, कार्मेल स्कूल मार्ग के अलावा शहर के कई छोटे बड़े होटलों में अवैध तरीके से हुक्काबार संचालित कर शहर के नाबालिगों को पैसे लेकर नशे का सामान खुलेआम बेचा जा रहा है। एक जानकारी के अनुसार शहर में संचालित अवैध हुक्काबार संचालकों के द्वारा फास्ट फूड के आड में यह कारोबार संचालित किया जा रहा है। पुलिस के द्वारा इन पर कोई कार्रवाई नही करने से इनके हौसलें बुलंद हो चुके हैं।
विदित रहे कि तेजी से विकसित हो रहे रायगढ़ शहर में यहां के युवा महानगरों की तर्ज पर अलग-अलग तरह के खतरनाक नशा का उपयोग करने लगे हैं जिनका बाजार में बिना डाक्टर के स्वीकृति विक्रय पर पाबंदी है। नाबालिग युवाओं के द्वारा ऐसे नशा का सेवन शहर में संचालित इन अवैध हुक्काबारों में किया जा रहा है। यही वजह है कि कई बार छोटे बड़े होटलों में मारपीट की घटना सामने भी आ चुकी है।
जे जे हुक्काबार में ही क्यों पड़ता है छापा
शहर में संचालित हुक्काबार में पुलिस के द्वारा एक नही दो नही तीन नही बल्कि कई बार छापामार कार्रवाई के नाम पर जे जे हुक्काबार में ही छापा मार कर यहां हुक्का पॉट, सिगरेट के अलावा कई सामान जब्त किया गया है, जबकि शहर के अलग-अलग क्षेत्रों में और भी हुक्काबार संचालित है पुलिस के द्वारा वहां छापामार कार्रवाई नही की जाती। वहीं पुलिस कार्रवाई के कुछ दिनों बाद यहां फिर से हुक्का का सेवन शुरू हो जाता है।
क्या कहते हैं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक

इस संबंध में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा का कहना था कि जो भी अवैध हुक्काबार संचालित हो रहे हैं उन पर कार्रवाई की जाएगी और इसमें कोई लापरवाही बर्दाश्त नही होगी। कोई भी शिकायत प्राप्त होनें पर उस पर तत्परता से कार्रवाई की जाएगी। उनका यह भी कहना था कि कोतरा रोड़ स्थित जे जे हुक्काबार के अलावा अन्य हुक्काबारों की भी लिस्ट बना ली गई है और जल्द कार्रवाई की जाएगी।
