घर के बरामदे में सो रही महिला की गला काटकर हत्या, अस्त-व्यस्त मिले कपड़ों से दुष्कर्म की आशंका

by Kakajee News

मैनपुरी के कुरावली थाना क्षेत्र के ग्राम हविलिया में घर के बरामदे में सो रही 35 वर्षीय महिला की गला काटकर हत्या कर दी गई। देर रात हुई घटना के बाद बुधवार की सुबह महिला का शव परिजनों ने रक्तरंजित देखा तो कोहराम मच गया। घटना की जानकारी पाकर पहुंची पुलिस ने शव कब्जे में लिया और उसे पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया है। फोरेंसिक टीम और डॉग स्क्वायड भी मौके पर पहुंचा और बदमाशों का सुराग लगाने का प्रयास किया। सनसनीखेज वारदात से इलाके में सनसनी है।


ग्राम हविलिया में वारदात उस समय हुई जब महिला रोज की तरह घर के बरामदे में चारपाई पर सोई थी। रात में किसी समय धारदार हथियारों से उसका गला काट दिया। शरीर के अन्य हिस्से पर भी हथियारों से वार किए गए। इससे चारपाई पर ही उसकी मौत हो गई।

जानकारी मिलते ही सीओ आशीष कुमार, कोतवाली प्रभारी ओमहरी बाजपेई पुलिसबल के साथ मौके पर पहुंच गए। फॉरेंसिक एक्सपर्ट और डॉग स्क्वायड की टीम में भी घटनास्थल पर जानकारी जुटाई। महिला के कपड़े अस्त-व्यस्त थे। इससे उसके साथ दुष्कर्म की आशंका भी जताई गई है। घटना की तहरीर पर अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया है।

एसपी आशोक कुमार के अनुसार घटना की जानकारी पाकर पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंच गए थे। अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज हो गया है। कुरावली पुलिस को हत्यारों की गिरफ्तारी करके घटना का खुलासा करने की दिशा निर्देश दिए गए हैं। मृतका का पति दिल्ली स्थित प्राइवेट कंपनी में नौकरी करता है जो होली पर घर आया था और चार दिन पूर्व ही दिल्ली चला गया था। महिला अपनी दो बेटियों और दो बेटों के साथ गांव में अकेली रह रही थी। बीती रात भी बरामदे में सो रही थी और उसका दो वर्षीय बेटा पास में सो रहा था। अन्य तीन बच्चे एक कमरे में सो रहे थे।

Related Posts

Leave a Comment