इस वक्त की एक बड़ी खबर ओडिशा से आ रही है जहां एक मालगाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई है। अबतक मिली जानकारी के मुताबिक, ओडिशा के अंगुल-तलचर रोड रुट पर अंगुल के पास इस मालगाड़ी के छे डब्बे मंगलवार की सुबह पटरी से उतर गए और नदी में गिर गए हैं। कुछ डब्बे लटके हुए हैं। घटना करीब तड़के 2.30 बजे की है। मालगाड़ी में गेहुं लदा हुआ है। दुर्घटना मे गाड़ी का इंजन पटरी पर ही रहा लेकिन लोको पायलट और अन्य कर्मी जान बचाने के लिए गाड़ी से कूद गये। रेलवे से जुड़े अधिकारियों ने दुर्घटना की जांच की बात कही है।
रेल यातायात प्रभावित, हेल्पलाइन शुरू
मालगाड़ी के बेपटरी हो जाने से इस रूट पर रेल यातायात प्रभावित हो गया है। रेलवे अधिकारियों ने बताया है कि यातायात को सुचारू करने के लिए रेलवे युद्धस्तर पर काम कर रहा है। इस ट्रेन दुर्घटना की वजह से पड़ोसी राज्य झारखंड में भी ट्रेन यातायात बाधित हो गया है। बताया जा रहा है कि चक्रधरपुर रेल मंडल की कई ट्रेनों को इस दुर्घटना के कारण रद्द कर दिया गया है। ट्रेनें रद्द हो जाने की वजह से उस रूट पर यात्रा करने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ गई है। जहाँ तहाँ यात्री रुके हुए हैं। यात्रियों की सुविधा के लिए चक्रधरपुर रेल मंडल के राउरकेला समेत कई स्टेशनों पर हेल्पलाइन शुरू कर दिया गया है।
