Gwalior Crime News: कांग्रेस विधायक की मुसीबत बढ़ी, 26 दिन में धाेखाधड़ी का दूसरा मामला दर्ज, गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई

by Kakajee News

Gwalior Crime News: जाेगेंद्र सेन, ग्वालियर नईदुनिया। सुमावली से कांग्रेस विधायक अजब सिंह कुशवाह व उनके दामाद के खिलाफ धोखाधड़ी का दूसरा प्रकरण हजीरा थाने में दर्ज हुआ है। धोखाधड़ी के दूसरे मामले में आरोपितों पर एक करोड़ से अधिक की धोखाधड़ी का आरोप है। इससे पहले महाराजपुरा थाने में धोखाधड़ी का मामला दर्ज हुआ था। धोखाधड़ी के दो प्रकरण दर्ज होने के बाद भी पुलिस ने अब तक कांग्रेस विधायक व उनके दामाद को गिरफ्तार करने को लेकर गंभीरता नहीं दिखाई है।

तरुण विहार कालोनी निवासी कृष्ण गोपाल चौरसिया ने एसपी आफिस में लिखित शिकायत कर बताया कि अजब सिंह कुशवाह काफी समय पहले से परिचित हैं। आरोपित ने उन्हें 2013 में बताया कि वह सागरताल रोड पर स्थित एक जमीन पर प्लाट काट रहे हैं। कुछ पसंद हाे तो प्लाट ले लो। जगह पसंद आने पर एक करोड़ आठ लाख रुपये देकर दो बीघा जमीन का सौदा किया। पैसा लेने के बाद जमीन उनके नाम नहीं की गई और चक्कर लगाने के बाद ससुर-दामाद ने पैसा वापस भी नहीं किया। गाैरतलब है कि इसके पहले एक फरियादी ने जब आत्मदाह की धमकी दी थी, तब विधायक के खिलाफ मुरार थाने में प्रकरण दर्ज किया गया था।

कब होगी गिरफ्तारीः कांग्रेस विधायक पर एक महीने में धोखाधड़ी के दो प्रकरण दर्ज हो चुके हैं। गोला का मंदिर थाना क्षेत्र में उनका निवास है। राजनीतिक दवाब के कारण पुलिस अब तक विधायक व उनके दामाद को गिरफ्तार नहीं कर पाई है। सीएसपी रवि भदौरिया ने बताया कि दोनों ही प्रकरणों में नामजद आरोपितों की तलाश की जा रही है। दोनों ही आरोपित अब तक गिरफ्त में नहीं आए हैं।

Related Posts

Leave a Comment