भोपाल (नवदुनिया प्रतिनिधि)। जमीन नाम कराने के लालच में बड़ा भाई मां को जबरन साथ ले जाना चाह रहा था। जबकि मां छोटे बेटे के साथ ही रहना चाहती थी। इस मुद्दे पर पर हुए विवाद के दौरान बड़े भाई ने अपने दो बेटों के साथ मिलकर छोटे भाई के पेट में चाकू घोंप दिया। ईंटखेड़ी थाना इलाके में हुई इस घटना में पुलिस ने हत्या के प्रयास का केस दर्ज कर आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया है।
ईंटखेड़ी थाने के एएसआइ राजकुमार उईके ने बताया कि ग्राम परेवाखेड़ा में जीवन सिंह मीना और उसका बड़ा भाई सुरेश मीना अपने-अपने परिवार के साथ अलग-अलग रहते हैं। उनकी पैतृक जमीन का बंटवारा हो चुका है। सुरेश मीना शराब पीने का आदी होने के कारण अपने हिस्से की जमीन बेच चुका है। जमीन का कुछ हिस्सा अभी उनकी मां के नाम है। आदतें खराब होने के कारण उनकी मां सुरेश के घर में नहीं रहना चाहती। इसलिए वह छोटे बेटे जीवन के घर में रहती है। सुरेश अपनी मां को जबरन घर लाना चाहता था।
पांच अक्टूबर को दोपहर में सुरेश का बेटा शुभम अपने चाचा जीवन के घर पहुंचा और दादी को साथ चलने को बोला, तो उसने मना कर दिया। इस दौरान जीवन ने भी कहा कि जब दादी तु्म्हारे घर नहीं जाना चाहती है, तो उसे क्यों परेशान कर रहे हो। इसके बाद शुभम अपने घर चला गया। रात करीब 11 बजे सुरेश मीना अपने बेटों शुभम और योगेश के साथ जीवन के घर पहुंचा और मां को जबरन साथ ले जाने की कोशिश करने लगा। जीवन ने विरोध किया तो पिता-पुत्रों ने जीवन के साथ मारपीट करते हुए उसके पेट में चाकू घोंप दिया। जीवन का बेटा कुबरे सिंह पिता को लेकर अस्पताल पहुंचा। एक निजी अस्पताल में भर्ती जीवन की हालत गंभीर बना हुई है। पुलिस ने आरोपित सुरेश मीना और उसके दोनों बेटों को गिरफ्तार कर लिया है।
