मंगलवार को कई राज्‍यों में बारिश और ठंड की संभावना, जानिये 24 घंटों में कैसा रहेगा देश का मौसम

by Kakajee News

उत्तर भारत के कई इलाकों में आने वाले एक-दो दिन शीतलहर के साथ कड़ाके की ठंड पड़ेगी। शिमला में रविवार को सीजन की पहली बर्फबारी हुई। इसके प्रभाव से अब पूरे देश में भीषण शीतलहर शुरू हो सकती है। स्काइमेट के मौसम विज्ञानियों के अनुसार, सोमवार को हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग स्थानों में बारिश और बर्फबारी के आसार हैं। इससे क्रिसमस और नए साल का जश्न मनाने के लिए बड़ी संख्या में आने वाले पर्यटकों में खुशी की लहर दौड़ गई। देश में इन दिनों जबर्दस्‍त सर्दी पड़ रही है। सर्दी के साथ ही कोहरे के चलते यातायात प्रभावित हो रहा है। हिमाचल और कश्मीर में तीन दिन बर्फबारी के साथ हल्की बारिश होगी। पहाड़ी इलाकों की बर्फीली हवाओं से दिल्ली, राजस्थान और पंजाब में शीतलहर चलेगी। मौसम विभाग के अनुमान के अनुसार जम्मू-कश्मीर, लद्दाख के अलावा हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड के अलग-अलग इलाकों में बारिश की संभावना है। इन इलाकों में बारिश के बाद मैदानी इलाकों में ठंड बढ़ने की उम्मीद जताई जा रही है। मध्यप्रदेश में 22 जगहों पर तापमान 4 से 10 डिग्री तक दर्ज किया गया। होशंगाबाद में सबसे ज्यादा 13.2 डिग्री तक पारा गया। इंदौर में 12.5 डिग्री सेल्सियस और भोपाल में 10.8 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। हालांकि, उमरिया अब भी सबसे सर्द है। यहां रात का पारा 4.2 डिग्री तक आ गया। मध्यप्रदेश में 28 से ठंड के जोर पकड़ने की उम्मीद की जा रही है। मध्य पाकिस्तान के ऊपर साइक्लोन बनने की संभावना है। कुछ प्रदेशों से इस दौरान बारिश और ओलावृष्टि भी खबरें भी सामने आईं हैं। केंद्रीय मृदा लवणता अनुसंधान संस्थान के मुताबिक आने वाले 24 घंटे में बादल छा सकते हैं। कृषि विशेषज्ञों ने धुंध और ठंड को गेहूं व सरसों की फसल के लिए लाभदायक बताया है। हालांकि इसके प्रभाव से पंजाब, हरियाणा और उत्तरी राजस्थान के भागों पर एक चक्रवाती हवाओं का क्षेत्र विकसित हो सकता है जो कि 28 दिसंबर तक बना रहेगा। पंजाब, हरियाणा, राजस्थान तथा दिल्ली-एनसीआर में आंशिक बादल छा सकते हैं। बीते 24 घंटों के दौरान पंजाब का मालवा क्षेत्र और हरियाणा का उत्तरी इलाका काफी सर्द रहा। मौसम का ताजा अनुमान बताता है कि उत्‍तर भारत एवं मध्‍य भारत के कई शहरों में अभी बारिश की संभावना है। पंजाब हरियाणा दिल्ली पश्चिमी उत्तर प्रदेश राजस्थान तथा पूर्वी मध्य प्रदेश में सुबह तथा रात में ठिठुरन वाले सर्दी जारी रहेगी। मैदानी क्षेत्रों में कई जगहों पर घना कोहरा छा सकता है जिसके कारण धूप का असर कम होगा।

राजस्थान में 28, 29 और 31 को कोल्ड डे का ऑरेंज अलर्ट
राजस्थान के पहाड़ी इलाकों की बर्फीली हवाएं मैदानी इलाकों की ओर मुड़ने से राजस्थान में अगले तीन दिन सर्दी का सितम बढ़ेगा। शीतलहर चलने से पारा लुढ़केगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि 30 दिसंबर तक कई शहरों में दिन-रात के तापमान में करीब 3-5 डिग्री तक गिरावट आ सकती है। फिलहाल पारे में उतार-चढ़ाव का दौर जारी है। माउंट आबू दो डिग्री के साथ सबसे ठंडा रहा। मौसम विभाग ने कुछ स्थानों पर अगले तीन दिन के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है।

हिमाचल में बर्फबारी और बारिश के आसार
हिमाचल पूरी तरह से शीतलहर की चपेट में आ गया है। यहां के सात बड़े शहरों का न्यूनतम तापमान फ्रीजिंग पॉइंट से नीचे चला गया है। रविवार देर शाम शिमला में हल्की बर्फबारी भी हुई। मौसम विभाग ने हमीरपुर, बिलासपुर, ऊना समेत मंडी, कांगड़ा, सिरमौर और सोलन जिलों के मैदानी भागों में 29, 30 और 31 दिसंबर को धुंध के साथ शीतलहर चलने का यलो अलर्ट जारी किया है।

पंजाब में कड़ाके की सर्दी के आसार
पंजाब में एक बार फिर शीतलहर चलने से कड़ाके की सर्दी पड़ने लगी है। बीते पांच दिनों में धूप से बढ़ा तापमान रविवार को हुई बारिश और शीतलहर के कारण नीचे आ गया। सूबे में अमृतसर सबसे ठंडा रहा। यहां का तापमान 9.6 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, अन्य जिलों में 18 डिग्री तक तापमान रिकॉर्ड किया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक अगले चार दिन बर्फीली हवा और कोहरे के कारण तापमान में और गिरावट होगी।

कश्मीर में हल्की बारिश और बर्फबारी
कश्मीर में रविवार को शीतलहर और तेज हो गई, जिससे घाटी में न्यूनतम तापमान शून्य से कई डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया। उत्तरी कश्मीर में गुलमर्ग में तापमान शून्य से 7.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया, जबकि इससे पिछली रात तापमान शून्य से 6.5 डिग्री सेल्सियस नीचे रहा था। घाटी में गुलमर्ग सबसे ठंडा स्थान रहा। मौसम विभाग का अनुमान है कि घाटी में अगले तीन दिनों में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

बिहार में मौसम में नहीं होगा कोई बदलाव
बिहार में धूप खिलने से लोगों को ठंड से राहत मिली है। पिछले 24 घंटे में मौसम में कोई खास बदलाव नहीं हुआ है। पटना का तापमान शनिवार के बराबर रहा। मौसम वैज्ञानिकों का कहना है कि आने वाले 48 घंटे में तापमान में कोई खास बदलाव होने की संभावना नहीं दिख रही है। रविवार को गया सबसे ठंडा शहर रहा, जिसका तापमान 4.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पटना का अधिकतम तापमान 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 0.5 डिग्री सेल्सियस कम है।

Related Posts

Leave a Comment