ग्वालियर । ट्रेन में यात्रा करने के दौरान बेवजह चेनपुलिंग करने वाले यात्रियों से रेलवे परेशान है। इन चेन पुलिंग के कारण एक ओर जहां ट्रेन लेट होती है वहीं अन्य यात्रियों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। बेवजह चेनपुलिंग करने वाले यात्रियों से रेलवे अब सख्ती से निबटने जा रहा है। इसके लिए आरपीएफ के जवानों को ट्रेनों में तैनात किया जाएगा जो कि चेन पुलिंग करने वाले यात्रियों पर जुर्माना लगाने की कार्रवाई करेंगे।
कोरोना महामारी के दौरान काफी सारी ट्रेनों का संचालन बंद है, लेकिन इसके बाद भी जो ट्रेन संचालित हो रही हैं, उनमें भी लोग बेवजह चेनपुलिंग कर रहे हैं। जिन ट्रेनों में सबसे अधिक चेनपुलिंग की घटनाएं सामने आ रही हैं उनमें जीटी एक्सप्रेस, गोवा एक्सप्रेस, मंगला एक्सप्रेस आदि ट्रेनें शामिल हैं। वहीं सबसे ज्यादा चेनपुलिंग की घटनाएं बीना से झांसी सेक्शन, कोटरा से ग्वालियर और झांसी से कोटरा सेक्शन के बीच की जा रही हैं। जिन स्थानों एवं छोटे स्टेशनों पर चेनपुलिंग की घटनाएं सबसे अधिक होती हैं वहां पर अब सादा वर्दी में आरपीएफ के जवानों को तैनात किया जाएगा। चेनपुलिंग का मामला सामने आते ही यह जवान तत्काल कार्रवाई करेंगे।
इन मामलों मंे कर सकते हैं चेन पुलिंग
रेलवे के हर कोच में एक चेन होती है, अगर यात्री को विशेष परेशानी हो तो वह चेन को खींच सकता है, इससे तत्काल ट्रेन में ब्रेक लग जाते हैं। चेनपुलिंग अत्याधिक विशेष मामलां में ही की जाती है। अगर कोई सहयात्री स्टेशन पर छूट गया हो, ट्रेन में आग लग गई हो। अथवा बीमार, घायल, बुजुर्ग व्यक्ति हो जिसे ट्रेन में बिठाने में समय लग रहा हो। यात्रा के दौरान बोगी में किसी की तबियत खराब हो गई हो। चोरी, लूट आदि की घटना के समय भी चेनपुलिंग की जा सकती है।
