रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में अपराधिक घटनाओं में लगातार वृद्धि देखी जा रही है। जरा-जरा सी बात पर यहां चाकू व बंदूक चलना आम बात हो गई है। इसी तरह के एक अन्य मामले में अज्ञात लोगों के द्वारा एक युवक की निर्मम हत्या कर युवक की पहचान छुपाने चेहरे पर एसिड डालने का मामला सामने आया है। उक्त मामला डीडीनगर थाना क्षेत्र का है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार राजधानी रायपुर के एफएसएल और डीडी नगर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सरोना जगुआर शो रूम के पीछे रविवार की सुबह एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में लाश मिलने से पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई है। मौके पर पहुंची पुलिस ने बताया कि मृतक युवक का नाम छोटन यादव निवासी भैंसथान सरोना है और वह आटो चलाने का काम करता था।
अज्ञात लोगों के द्वारा छोटन के सिर पर लोहे के भारी वस्तु से वार कर युवक की निर्मम हत्या कर दी गई और युवक की पहचान छुपाने के इरादे से आॅटो की बैटरी से एसिड निकालकर युवक के चेहरे पर डाल दिया गया। बहरहाल पुलिस ने इस मामले में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर प्रकरण की जांच शुरू कर दी है।
