अस्पताल परिसर में नवजात को मुंह में लेकर घूम रहा था डॉगी, देखकर सकते में आए लोग

by Kakajee News

Desk News: राजधानी जयपुर में दिल को दहला (Heart wrenching) देने वाली तस्वीर सामने आई है. यहां के महिला अस्पताल में एक डॉगी नवजात के शव को मुंह में दबाए हुए घूमते देखा गया.

यह देखकर वहां मौजूद लोग सकते में आ गए. बाद में लोगों ने कुत्ते के मुंह से नवजात के शव को छुड़वाया और पुलिस तथा अस्पताल प्रशासन को सूचित किया. उसके बाद शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसका अंतिम संस्कार करवा दिया गया. इस नवजात का जन्म महिला अस्पताल (Women’s Hospital) में ही हुआ था या फिर किसी दूसरी जगह इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है.

जानकारी के अनुसार हैरान कर देने वाली यह घटना तीन दिन पहले रविवार की बताई जा रही है. रविवार को जयपुर के महिला अस्पताल में कुत्ता एक नवजात के शव को मुंह में लेकर घूम रहा था. कुत्ते के मुंह में नवजात का शव देखकर लोग सिहर उठे. उन्होंने तत्काल कुत्ते के मुंह से नवजात के शव को छुड़वाकर पुलिस और अस्पताल प्रशासन को सूचित किया. मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि नवजात की सूंडी पर ब्लू कलर का प्लास्टिक का टैग लगा हुआ था. कुत्ते ने नवजात के सिर को नोंच खाया था.

नवजात के शव पर कई जगह हो रखे थे जख्म
नवजात के शव की इतनी बुरी हालत देखकर लोगों का कलेजा मुंह को आ गया. नवजात बालक था. कुत्ते ने उसके सिर को नोंचने के अलावा शरीर के कई अन्य जगह भी घाव कर रखे थे. बाद में पुलिस ने शव को मोर्चरी में रखवाया और उसका पोस्टमार्टम करवाया. पुलिस और अस्पताल प्रशासन इस बात की जानकारी जुटाने में लगा है कि यह इस नवजात का जन्म महिला अस्पताल में ही हुआ था या फिर किसी दूसरी जगह.

लाल कोठी थाने में दर्ज कराया गया है मामला
महिला अस्पताल के हाउस कीपिंग के सुपरवाइजर की तरफ से इस संबंध में लाल कोठी थाने में मामला दर्ज कराया गया है. उल्लेखनीय है कि राजस्थान में इस तरह की यह कोई पहली घटना नहीं है. इससे पहले भी जयपुर समेत अन्य जिलों में इस तरह की घटनाएं सामने आती रही हैं. कई बार कुत्ते अस्पताल परिसरों के आसपास दफनाए गए मृत नवजातों के शवों को बाहर निकाल कर उनको नोंच डालते हैं. या फिर वे उन्हें मुंह में दबाए हुए इधर उधर घूमते रहते हैं.

Related Posts

Leave a Comment