संगरिया थाना क्षेत्र में छह शातिर महिलाओं ने एक ज्वेलरी शोरूम को निशाना बनाते हुए सात लाख के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। ग्राहक बनकर आई महिलाओं ने वारदात को अंजाम दिया। शोरूम के मालिक को घटना का पता तब चला जब शाम को दुकान बंद करने से पहले सामान मिलाया गया। सामान में एक डिब्बा कम था। इसके बाद सीसीटीवी खंगालने पर वारदात का खुलासा हुआ। चोरी हुए बॉक्स में करीब 12-14 तोला सोने के जेवरात थे।
मामला हनुमानगढ़ जिले के संगरिया थाना क्षेत्र का है। एसआई राजपाल ने बताया कि राजेश कुमार (51) पुत्र मंगत राम अग्रवाल निवासी वार्ड-14 संगरिया ने थाने में रिपोर्ट दी। अग्रसेन मार्केट संगरिया में उनकी जेबी ज्वेलर्स नाम से दुकान है। मंगलवार दोपहर करीब 3 बजे 6 महिलाएं दुकान पर सोना लेने के लिए आईं।
महिलाओं ने सोने के जेवर और चूड़ियां दिखाने के लिए कहा। इस पर दुकानदार राजेश कुमार सोने के जेवर और चूड़ियां दिखाने लगा। इसी दौरान एक महिला ने सोने की चूड़ियों का डिब्बा दूसरी महिला को दे दिया। कुछ देर में दोनों महिलाएं एक-एक करके बाहर चली गईं। बाकी चार महिलाओं ने दुकानदार को काफी देर उलझाए रखा। टॉप्स बनाने का ऑर्डर और 200 रुपये एडवांस देकर वे भी दुकान से चली गईं। महिलाओं के जाने के बाद सभी जेवरात वापस रखे जा रहे थे तो पता चला कि सोने के जेवरात का एक डिब्बा गायब है। इसके बाद उसने दुकान के सीसीटीवी फुटेज देखे तो पता चला कि महिलाएं दुकान से सोने का बॉक्स चोरी कर ले गईं। एसआई ने बताया कि ज्वेलर की रिपोर्ट पर मामला दर्ज कर जांच की जा रही है। फिलहाल महिलाओं के बारे में कोई जानकारी नहीं मिल पाई है।
सीसीटीवी से हुआ खुलासा
ज्वेलर ने बताया कि सीसीटीवी में एक महिला डिब्बा दूसरी महिला को देती हुई दिख रही है। इसके बाद सभी महिलाएं आपस में इशारा करती हुईं तुरंत दुकान से निकल गईं। इस दौरान तक उनको चोरी का पता ही नहीं चला। घटना के बाद ज्वेलर ने पुलिस को सीसीटीवी फुटेज भी उपलब्ध करवाए हैं। पुलिस शातिर चोर महिलाओं की तलाश के लिए दुकान के आसपास से जाने वाले सभी रास्तों में लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने में लगी हुई है।
