बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में शनिवार की सुबह तेज रफ्तार मेटाडोर के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए बाईक सवारों को पीछे से जोरदार ठोकर मार दी। इस घटना में पति पत्नी सहित एक बच्ची की मौत हो गई वहीं एक अन्य बच्ची गंभीर रूप से घायल है जिसका उपचार जारी है। घटना बाद से आरोपी चालक वाहन छोडकर फरार हो गया है पुलिस उसकी पतासाजी में जुटी हुई है।
इस संबंध में मिली जानकारी के अनुसार बिलासपुर के कोटा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम लमकेना निवासी मोहनलाल साहू 35 साल, उसकी पत्नी ईश्वरी साहू 32 साल और दो बेटी तृप्ति साहू 13 साल एवं भगवती साहू 8 साल के साथ रहकर ड्राइवरी का कार्य करते हुए अपने परिवार का पालन पोषण करता था। शनिवार की सुबह मोहनलाल अपनी पत्नी व बच्चियों को लेकर खतपुर क्षेत्र के बेलपान मेला देखने जा रहे थे।
शनिवार की सुबह तकरीबन 11 बजे जब मोहनलाल उसलापुर ओवरब्रिज से निकले तभी पीछे से आ रही एक तेज रफ्तार मेटाडोर के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस घटना में ईश्वरी साहू की मौके पर ही मौत हो गई वहीं मोहनलाल और उसकी दोनों बेटी गंभीर रूप से घायल हो गई।
आसपास के मौजूद लोगों के द्वारा घायलों को डायल 112 की मदद से अस्पताल ले जाया गया जहां मोहनलाल और उसकी बड़ी बेटी तृप्ति की भी मौत हो गई वहीं गंभीर रूप से छोटी बेटी भगवती साहू का उपचार जारी है। घटना के बाद से आरोपी चालक मेटाडोर को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया है। बहरहाल पुलिस ने इस संबंध में फरार मेटाडोर चालक के खिलाफ जुर्म दर्ज कर उसकी पतासाजी शुरू कर दी है।
