साली की शादी में हंसी-खुशी के साथ पूरा परिवार एक ही कार में सवार होकर आ रहे थे, पर क्रूरकाल की नजर पूरे परिवार पर पड़ गई। पलभर में ही उनका पूरा परिवार मौत की मुंह में समा गया। कार में सवार एक ही परिवार के छह सदस्यों की मौत हो गई। उत्तराखंड के लालकुंआ में पेपर में मिल में नौकरी करने वाले सोनू शाह के लिए शुक्रवार की रात काल बन कर टूट पड़ी।
बंकुल गांव निवासी पारस साह लाल कुंआ पेपर मिल में नौकरी करते थे। नौकरी के दौरान ही उनके पुत्र सोनू शाह (32) वर्ष को मशीन आपरेटर के पद पर नौकरी मिल गयी। 20 अप्रैल को उनकी साली की शादी थी। इसको लेकर सोनू के पूरे परिवार में हंसी खुशी का माहौल था।
शादी से बारह दिन पहले आने की तैयारी उन्होंने कर रखी थी, ताकि घर और ससुराल बिहार के मीरगंज में समय देगे। यही सपना संजोय सोनू शाह अपनी पत्नी सुजावती देवी (29) वर्ष, बेटी रुचिका 7, बेटा दिव्यांशु 4, भाई रवि शाह 18, बहन खुशी 16 को लेकर कार से गांव आ रहे थे।
अभी वह बलरामपुर उतरौला मार्ग पर पहुंचे थे कि रात में किसी अज्ञात वाहन ने सामने से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और पल भर में ही पूरा परिवार मौत की नींद सो गया। यह खबर जब गांव पहुंची तो हर कोई पारस शाह के घर की तरफ दौड़ पड़ा, सभी की आंखे नम हो गयी। हृदय विदारक घटना से सभी लोग मर्माहत हो गए।
