रायपुर। घर बनाना चाह रहे लोगों के लिए काफी राहत भरी खबर है। लगातार आग लग रही सरिया की कीमतों में अब गिरावट आ रही है। बगैर मांग के ही पिछले दिनों रिकार्ड ऊंचाई पर बढ़ रही सरिया की कीमतों में बीते तीन दिनों में गिरावट आ गई है। थोक बाजार में सरिया इन दिनों 50 हजार रुपये प्रति टन पहुंच गया है। हालांकि, रिटेल में अभी 53 हजार रुपये प्रति टन तक सरिया बिक रहा है।
क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि आने वाले दिनों में सरिया की कीमतों में गिरावट के ही संकेत बने हुए हैं। पिछले दिनों सरिया 58 हजार रुपये प्रति टन तक पहुंच गया था। इस प्रकार रिटेल बाजार में भी सरिया की कीमतों में पांच हजार रुपये प्रति टन की गिरावट आई है।
गिरावट के ये माने जा रहे कारण
सरिया की कीमतों में गिरावट के पीछे मुख्य कारण यह माना जा रहा है कि रियल इस्टेट और सरकारी कामकाज अभी बंद पड़ा हुआ है। इसके चलते ही बाजार में मांग बिल्कुल नहीं है। मांग कम होने के कारण ही सरिया की कीमतों में गिरावट आई है। स्टील उत्पादकों को बाजार में कमजोर मांग को देखते हुए कीमत में कमी करनी पड़ी। बीते दो माह से सरिया की कीमतों में आग लगी हुई थी। नए साल के पहले ही दिन सरिया की कीमतों में बढ़ोतरी हो गई थी।
सीमेंट भी 260 रुपये प्रति बैग
सरिया की कीमतों में जहां गिरावट आ रही है। सीमेंट की कीमतें इन दिनों 260 रुपये प्रति बैग तक बिक रही है। क्षेत्र से जुड़े कारोबारियों का कहना है कि बाजार में मांग कमजोर बनी हुई है। उसके चलते ही सीमेंट कंपनियों ने दाम बढ़ाने की प्लानिंग छोड़ दी है।
