पति की पॉलिसी के 40 हजार देने का दिया झांसा, विधवा से ठगे 65 लाख रुपये

by Kakajee News

सिरसा में पति की ओर से करवाई पॉलिसी के 40 हजार रुपये लेने के चक्कर में एक विधवा से 65 लाख की ठगी हो गई। आरोपी ने पॉलिसी की राशि शेयर मार्केट में लगाकर तीन गुना करके देने का झांसा दिया। पीड़िता ने पुलिस को मामले की शिकायत दी है। पुलिस अधीक्षक के आदेश पर अब साइबर सेल में मामला दर्ज हुआ है।
पुलिस को दी शिकायत में बांसल कॉलोनी निवासी सीमा रानी ने बताया कि उसका पति काफी समय पहले ही गुजर गया। उसके दो लड़के हैं, जो पढ़ाई कर रहे हैं।

चार फरवरी 2022 को सुभाष नाम के व्यक्ति का उसके पास फोन आया और पति की पॉलिसी के बकाया 40 हजार रुपये देने के लिए पांच हजार रुपये खाते में जमा करवाने को कहा। उसने पांच हजार रुपये जमा करवा दिए। इसके कुछ दिन बाद उक्त आरोपी ने फोन करके उसका पेन कार्ड, आधार कार्ड व बैंक खाता की कापी मांगी तो उसने दस्तावेज भेज दिए। कुछ दिन बाद सुभाष ने फोन कर बताया कि आपकी राशि शेयर मार्केट में लगा दी है।

उन्होंने 40 हजार के बजाय तीन गुना ज्यादा राशि मिलेगी। इसके लिए उसे और रुपये खाते में जमा करवाने होंगे। सीमा ने बताया कि उसने अपने अलग-अलग खातों से 65 लाख रुपये की राशि उक्त आरोपी के दिए खाते में जमा करवा दी। इसके बाद उनके पास अलग-अलग नंबरों से कॉल आना शुरू हो गया। उक्त आरोपी ने उसे डराना शुरू कर दिया और कहा कि आपकी राशि करोड़ों में हो गई है। उस पर छापा डाला जाएगा। मामला सुलझाने के लिए और रुपये मांगे। बचने के लिए उसने आभूषण बेचकर उन्हें राशि दी है। अब उसने मामले की शिकायत पुलिस को दी है। बता दें कि महिला के पति की निजी बस कंपनी में हिस्सेदारी है।

जांच अधिकारी के अनुसार
शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। 65 लाख की ठगी होने के उक्त महिला ने आरोप लगाए हैं। मामले की जांच की जा रही है। -सुरेंद्र, एसआई, साइबर थाना, सिरसा।

Related Posts