लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 102 सीटों पर आज मतदान

by Kakajee News

दुनिया के सबसे बड़े लोकतांत्रिक महोत्सव की शुरुआत आज हो गई है। लोकसभा चुनाव के पहले चरण में 21 राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों की 102 सीटों पर आज मतदान चल रहा है। कुल संसदीय क्षेत्रों के 19 फीसदी सीटों पर मतदान जारी है। 44 दिनों की लोकतांत्रिक यात्रा एक जून तक चलेगी। चार जून को नतीजे घोषित होंगे। अरुणाचल प्रदेश व सिक्किम में विधानसभा की 92 सीटों के लिए भी वोट डाले जा रहे हैं।
मणिपुर में लोगों द्वारा अनियमितताओं का आरोप लगाने पर हुए हंगामे के बाद कुल 5 बूथों पर मतदान रोक दिया गया है, जिनमें से 2 पूर्वी इंफाल में और 3 पश्चिमी इंफाल में हैं। मतदान अधिकारी ने यह जानकारी दी है।

त्रिपुरा में टिपरा मोथा पार्टी के मुखिया प्रद्योत देबबर्मा को त्रिपुरा के सीईओ ने नोटिस भेजा है। प्रद्योत देबबर्मा पर चुनाव आचार संहिता के उल्लंघन का आरोप है। गुरुवार को चुनाव प्रचार की समय सीमा खत्म होने के बाद प्रद्योत देबबर्मा ने सोशल मीडिया पर लाइव आकर एक समुदाय विशेष से पार्टी विशेष को वोट करने की अपील की। त्रिपुरा सीईओ ने इसे चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन मानते हुए नोटिस जारी किया है।
पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने पुणे में अपने घर से मतदान किया। 90 वर्षीय प्रतिभा पाटिल बीते कई दिनों से बीमार हैं। इस वजह से उन्होंने घर से ही वोट करने की सुविधा का लाभ उठाते हुए मतदान किया।

तमिलनाडु की शिवगंगा लोकसभा क्षेत्र से कांग्रेस उम्मीदवार कार्ति चिदंबरम ने वोट डाला। वोट डालने के बाद कांग्रेस नेता ने कहा कि ‘मैं युवाओं से मैं अपील करूंगा कि वोट करें। दुनिया के बहुत सारे देश ऐसे हैं जहां लोगों को वोट का अधिकार नहीं है। वोट का अधिकार बहुत पावन है, सभी वोट करें। हम तमिलनाडु में चुनाव नतीजों को लेकर बहुत आश्वस्त हैं।’ केंद्रीय मंत्री और कूचबिहार लोकसभा क्षेत्र से भाजपा उम्मीदवार निसिथ प्रमाणिक ने कहा, ‘लोग बूथ तक न जा पाएं, इसका प्रयास TMC कर रही है। TMC की आंखों में हारने का डर दिख रहा है…लोग TMC के गुंडो का विरोध करने के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। लोग निश्चित रूप से हिंसा का जवाब अपने वोट के माध्यम से देंगे।’

बंगाल में दोपहर 1 बजे तक कुल 50.96 प्रतिशत मतदान
सीटवार वोटिंग प्रतिशत –
कूचबिहार- 50.69%
अलीपुरद्वार- 51.58%
जलपाईगुड़ी- 50.65%

Related Posts

00:20