मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के सुशासन को 01 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में चिकित्सा महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. विनित कुमार जैन एवं अस्पताल अधीक्षक डॉ. मनोज कुमार मिंज के मार्गदर्शन में स्व.श्री लखीराम अग्रवाल स्मृति शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध संत बाबा गुरु घासीदास जी स्मृति शासकीय चिकित्सालय रायगढ़ में स्वैच्छिक रक्त शिविर का आयोजन चिकित्सालय के प्रथम तल के रक्त केन्द्र (ब्लड सेंटर) में 11 दिसम्बर से 20 दिसम्बर 2024 तक किया जा रहा है। जिसमें चिकित्सा महाविद्यालय के चिकित्सक, चिकित्सा शिक्षक, अधिकारी, कर्मचारी, स्टाफ नर्स, छात्र-छात्राओ, इंटर्न चिकित्सक तथा सुरक्षाकर्मियों द्वारा रक्तदान किया गया तथा उनको प्रशस्ति पत्र प्रदाय कर सम्मानित भी किया गया।
इस कड़ी में रक्तदाता डॉ. नरेश पटेल सहायक प्राध्यापक मेडिसीन विभाग ने अपनी भावना व्यक्त की “लोगों में भ्रांति रहती है कि रक्तदान करने से कमजोरी आती है, रक्त की कमी हो जाती है ऐसा कुछ नहीं है। अगर व्यक्ति स्वस्थ है तो रक्तदान करने से रक्तदाता के शरीर में किसी भी प्रकार का बुरा असर नहीं पड़ता है।” डॉ. ऋतु शर्मा मेडिकल सोशल वर्कर ने अपना विचार व्यक्त किया “मैं हर 06 महिने में रक्तदान करती हूं जिससे मुझे खुशी मिलती है। उन्होने कहा कि महिलाओं को भी इस पुण्य कार्य में आगे आना चाहिए” इसी प्रकार श्रीमती हेमलता कश्यप, स्टाफ नर्स मेडिसीन वार्ड द्वारा भी रक्तदान किया और बताया कि “यह मेरा प्रथम रक्तदान है मुझे निस्वाथ मानवसेवा के इस कार्य में काफी अच्छा महसूस हो रहा है भविष्य में भी रक्तदान करूंगी ताकि किसी की जान बच सके।
सुरक्षा कर्मी श्री कैलाश चौहान ने अपनी भावना व्यक्त की “रक्तदान करना एक महान कार्य है रक्तदान से किसी के जीवन को बचाया जा सकता है और दिल को सुकून मिलता है।” इस तरह से इस साप्ताहिक शिविर में शासकीय चिकित्सा महाविद्यालय संबद्ध चिकित्सालय के अधिकारी / कर्मचारियों द्वारा अब तक कुल 23 रक्तदान हो चुका है। यह शिविर लगातार 20 दिसम्बर 2024 तक चलेगा। दिनांक 18 दिसम्बर को संत बाबा गुरु घासीदास जी की जयंती के दिन भी आयोजित रहेगा अतः आमजन से आहवान है कि स्वैच्छिक रक्तदान शिविर में बढ़चढ हिस्सा लें और किसी की जान बचाने में सहभागी बनें। यह आयोजन समाज में रक्तदान की संस्कृति को बढ़ावा देने के लिए प्रेरणास्त्रोत है।
इस कार्यक्रम में डॉ. किरणलता भगत सहायक प्राध्यापक पैथोलौंजी एवं ब्लड सेंटर प्रभारी, डॉ. रीना नायक सह प्राध्यापक पैथोलोजी, डॉ. राकेश कुमार खूंटे, सहायक प्राध्यापक, डॉ. नितेश पटेल डेमोन्स्ट्रेटर, टेक्निशियन श्री उमेश पटेल, श्री रामकिंकर गुप्ता, श्री अमित कंवर, स्टाफ नर्स, श्रीमती पूर्णिमा सिंह जगत श्री तेजराज चौहान की महत्वपूर्ण भूमिका रही। विशेष सहयोगी के रूप में चिकित्सा सामाजिक कार्यकर्ता श्री किशोर कुमार प्रधान, श्री रघुनाथ शर्मा एवं मीडिया प्रभारी श्री मो. रिजवान द्वारा लोगों को रक्तदान करने के लिए जागरूक एवं आहवान किया जा रहा है।
