चक्का जाम करने वालों का टेंट उखाड़ा गया, आंदोलनकारियों की गिरफ्तारी शुरू, कालोनी की महिलाओं ने जताया आक्रोश

by Kakajee News

रायगढ़। सड़क निर्माण की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे गोवर्धनपुर एश्वर्यम कालोनी के पास सोमवार की दोपहर उस समय गहमा-गहमी का माहौल निर्मित हो गया जब भारी संख्या में पुलिस बल पहुंचकर कुछ लोगों को हिरासत में लेकर उनका टेंट उखाड़कर फिर से इस मार्ग में भारी वाहनों का परिचालन शुरू करवा दिया गया।

मिली जानकारी के मुताबिक एश्वर्यम कालोनी के अलावा आसपास कालोनी सहित गोवर्धनपुर गांव के ग्रामीण यहां की जर्जर सड़क को सुधारने की मांग को लेकर एक लंबे अर्से से ज्ञापन के ज्ञापन सौंपते आ रहे हैं लेकिन आज तलक उनकी समस्या जस की तस बनी हुई है। ऐसे में इस क्षेत्र के लोगों ने रविवार की सुबह से सड़क किनारे टेंट लगाकर शांतिपूर्वक ढंग से धरने में बैठ गए थे। क्षेत्र के लोगों का यह धरना प्रदर्शन सुबह से रात भर चलता रहा और आज सुबह भी वे अपनी मांग को लेकर बैठ हुए थे। इसी बीच दोपहर में अचानक शहर के चक्रधरनगर, जूटमिल, कोतरा रोड थाना से भारी संख्या में पुलिस जवान के अलावा महिला पुलिस लाठी डंडो से लैस होकर एश्वर्यम कालोनी के पास पहुंचे और कुछ लोगों को सड़क में चक्काजाम करने के आरोप में उठाकर चक्रधर नगर थाने ले गई। इतना ही नही टेंट को उखाडकर वहां लगी कुर्सियों को भी फेंक दिया गया। इस बीच इसका विरोध करने वाली कालोनी की महिलाओं को डराते धमकाते हुए कालोनी के ही अंदर रहने की धमकी दे दी गई।

एश्वर्यम कालोनी की महिला ने बताया कि सड़क निर्माण की मांग को लेकर वे लोग कई बार शिकायत कर चुके हैं। यहां की सड़क अत्यंत जर्जर और यहां भारी वाहन चलने के कारण उन्हें कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। कल सुबह से फिर से सड़क निर्माण की मांग को लेकर सड़क किनारे धरना प्रदर्शन कर रहे थे। जिसके बाद एसडीएम मौके पर पहुंचे और चले गए। कालोनीवासी रात भर धरने में बैठे रहे। आज दोपहर पुलिस भारी संख्या में मौके पर पहंुचकर कालोनीवासियों के साथ धक्कामुक्की करते हुए कुछ लोगों को गाड़ी में बिठाकर थाने ले गई और भारी वाहनों का इस मार्ग में फिर से चालू कर दिया गया। महिलाओं ने यह भी बताया कि थाना प्रभारी ने कालोनी के नाबालिग बच्चों के साथ भी अभद्र भाषा में बात की।

दिया गया झूठा आश्वासन
महिलाओं ने यह भी बताया कि पिछली बार उन्हें कलेक्टर ने कहा था कि जिसकी जमीन है अगर वह कहे कि इस मार्ग में ट्रक नही चलेगा तो ट्रक नही चलेगा और आज जमीन का मालिक मौके पर पहुंचकर बोला भी इस मार्ग में ट्रक नही चलेगा। लेकिन इसके बावजूद एसडीएम का कहना था कि इस मार्ग में ट्रक चलेगा ही। महिलाओं ने बताया कि जब पुल के नीचे रपटा बन रहा था तब एसडीएम ने उन्हें आश्वासन दिया था कि रपटा बनने दो फिर बाद में सड़क बनाने की प्रकिया की जाएगी। इस तरह उन्हें झूठा आश्वासन दिया गया।

7 लोगों के खिलाफ हुआ एफआईआर
ट्रेलर ड्राईवर राजेश कुमार यादव की शिकायत के बाद आज चक्रधर नगर पुलिस ने ऐर्श्वयम कालोनी गोवर्धनपुर के सामने चक्काजाम कर रहे योतिष सोनी, अजय सिंह, नीरज शर्मा, पिताम्बर चैहान ऊर्फ धोनी, राजेन्द्र राय, इन्द्र कुमार मिश्रा, आदित्य झा के खिलाफ धारा 126(2) 191(2) 351(2) के तहत अपराध दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस ने टेंट हटाया व जाम खुलवाया, बर्बरता का आरोप गलत-सीएसपी
इस मामले में पुलिस की ओर से सीएसपी आकाश शुक्ला ने बताया कि सड़क में पेड रखकर जाम किया जा रहा था जिससे कई किलोमीटर तक जाम लग गया था और प्रदर्शनकारियों ने अघोषित रूप से आर्थिक नाकेबंदी कर रखी थी। समझाईश के बावजूद नही मानने के कारण आखिरकार पुलिस वहां पहुंची और टेंट व अन्य सामान को जब्त करते हुए पेड बीच सड़क में रखकर जाम करने वाले लोगों को पुलिस पकड़कर ले गई और उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज किया गया है। उन्होंने कहा कि मौके पर मौजूद महिलाओं व बच्चों के साथ पुलिस की बर्बरता व दुव्र्यवहार का आरोप गलत है।

Related Posts

Leave a Comment