बच्चों पर काल बनकर गिरी घर की दीवार, मलबे में दबकर दो मासूम की मौत

by Kakajee News

यूपी के लखीमपुर खीरी जिले के धौरहरा कोतवाली क्षेत्र के गांव कलुआपुर में मिट्टी की दीवार गिरने से पड़ोस में खेल रहे दो मासूम बच्चे उसके नीचे दब गए। जिसमे एक बच्चे की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं दूसरे बच्चे ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे तहसीलदार व धौरहरा पुलिस ने दोनों बच्चों के शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
धौरहरा क्षेत्र के कलुवापुर गांव निवासी सीताराम के घर में बनी मिट्टी की दीवार बुधवार की सुबह अचानक भरभरा कर गिर गई। जिसके नीचे पड़ोस में खेल रहे कमलेश (8) पुत्र लालमन निवासी समैसा थाना ईसानगर व छोटू (8) पुत्र नंदराम निवासी कलुवापुर दब गए। अचानक गिरी दीवार को देख आस पड़ोस के लोगों ने मिट्टी हटाकर दोनों मासूमों को निकाला। लेकिन तब तक कमलेश की मौत हो चुकी थी। वहीं छोटू गंभीर रूप से घायल था। जिसको परिजनों ने तत्काल जिला अस्पताल ले जाकर इलाज शुरू करवाया। जहां कुछ ही देर बाद उसने भी दम तोड़ दिया।
बच्चों की मौत से दोनों परिवारों में चीखपुकार मच गई। सूचना पाकर कलुआपुर गांव पहुंचे एसआई अवधेश यादव, सिपाही वशिष्ठ पांडेय, विजय पांडेय ने कमलेश के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया। वहीं जिला अस्पताल में इलाज के दौरान मरे छोटू के शव को परिजनों ने पुलिस को सूचना देकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की कार्रवाई शुरू करवा दी। अचानक हुई घटना के बाद दोनों मासूम बच्चों के परिवारों में मातम छा गया। इस दौरान तहसीलदार अनिल कुमार यादव ने दोनों मासूमों के परिजनों को ढांढस बंधाते हुए हरसंभव मदद का आश्वासन दिया है।

Related Posts

Leave a Comment