रायगढ़. शहर की एक होटल ने अपने तरह का नया तरीका अपनाते हुए अपनी होटल का विज्ञापन का बैनर शहर के बीचो बीच लगवा दिया है जिसमें लिखा है कि मैरिड एवं अनमैरिड कपल के लिए कमरे उपलब्ध हैं। जबकि पुलिस तथा अन्य कार्रवाई में होटलों के भीतर व बाहर पति पत्नी के अलावा अगर कोई लड़के लड़की मिलते हैं तो उन्हें पकड़कर पीटा एक्ट के तहत कार्रवाई की जाती है। पर शहर के माल धक्का रोड़ स्थित एक होटल संचालक ने बकायदा विवाहित कपल के साथ-साथ अविवाहित जोड़ों के लिए रूम उपलब्ध होना बताते हुए यह जता दिया है कि वे अवैध कृत्यों के लिए अपने होटल के कमरे अविवाहित जोड़े को देते हैं।
यह मामला उस वक्त सामने आया जब रायगढ़ के प्रसिद्ध डाक्टर शरद अवस्थी ने कल सुबह मार्निंग वॉक के दौरान कमला नेहरू पार्क के सामने लगे होटल के बैनर को देखा जिसमें विवाहित जोड़े के साथ-साथ अविवाहित जोड़े के लिए होटल के रूम व स्पेशल कमरा कम रेट में देने संबंधी बाते लिखी थी, इसको लेकर उन्होंने तत्काल रायगढ़ पुलिस अधीक्षक संतोष सिंह को फोन करते हुए आपत्ति जताई कि ऐसा प्रचार-प्रसार होटल संचालक खुलेआम कर रहा है जिससे आज कल के युवाओं को व्याभिचार के लिए खुला आमंत्रण दिया जा रहा है और इस संबंध में कार्रवाई करें। अपनी शिकायत एसपी को करने के बाद डाक्टर अवस्थी ने बताया कि ऐसा करना न केवल नियम विरूद्ध है बल्कि कानून को भी चुनौती देना है। उनका कहना था कि इस मामले में पुलिस अधीक्षक ने क्या कार्रवाई की उन्हें जानकारी नही है लेकिन होटल संचालक के ऐसे विज्ञापन से समाज में गलत संदेश जाता है जिसे रोकना आवश्यक है। चूंकि अक्सर अविवाहित जोड़ो को ऐसे आसानी से होटल में रूम मिल जाना यह बताता है कि व्याभिचार का खुला आमंत्रण देकर कमाई का नया जरिया खोज लिया गया है।
354
