रेप और हत्या का एक आरोपी टॉवर पर चढ़कर कूद जाने की धमकी दे रहा है। लिहाजा कल तक जो पुलिस इस आरोपी की तलाश में छापे मार रही थी वही आज उसे नीचे उतारने के जतन में जुटी है। आरोपी का कहना है कि पुलिस ने उसे झूठे मामले में फंसाया है। इधर, पुलिस की मुश्किल यह है कि आरोपी की कोई बात माने बगैर उसे टॉवर से उतारे कैसे।
मिली जानकारी के अनुसार यह मामला हरदोई के बघौली थाना क्षेत्र के बन्नापुर गांव का है। आरोपी का कहना है कि वह निर्दोष होते हुए पुलिस से बुरी तरह परेशान हो चुका है। पुलिस उसे फर्जी मुकदमे में फंसा रही है।
बघौली थाना क्षेत्र के बन्नापुर गांव निवासी राधेलाल के खिलाफ कई महीने पहले दुष्कर्म का एक मामला दर्ज हुआ था। इसके बाद हत्या का भी एक मामला दर्ज हो गया। आरोपी का कहना है कि पुलिस उसके घर में आए दिन दबिश दे रही है। परिवार के लोगों को परेशान कर रही है। इससे वह बुरी तरह परेशान हो गया है। वह किसी तरह अपनी बात उच्चाधिकारियों तक पहुंचाना चाहता था इसलिए टॉवर पर चढ़ गया। वह शनिवार की सुबह 4 बजे से टॉवर पर चढ़ा हुआ है। टॉवर पर चढ़ते ही वह पुलिस पर उत्पीड़न का आरोप लगाते हुए जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उसकी आवाज को सुनकर गांव के लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने उसे टॉवर से उतारने के लिए कई कोशिशें कीं लेकिन वह वहीं जमा रहा।
298
