बेरहम बाप ने मासूम बेटे और बेटी की गला काटकर की हत्‍या, थाने में जाकर बोला-‘मुझे गिरफ्तार कर लो’

by Kakajee News

बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार की रात एक बेरहम बाप ने अपनी बेटी और मासूम बेटे की धारदार हथियार से गला काटकर हत्‍या कर दी। दोनों को मौत के घाट उतारने के बाद कातिल पिता ने थाने पहुंचकर सरेंडर कर दिया। थाने में उसने पुलिस से कहा कि मुझे गिरफ्तार कर लो।
घटना गुरुवार देर रात की है। कातिल पिता को थाने में देखकर हैरान पुलिस ने उसे तत्‍काल हिरासत में ले लिया। इसके बाद पुलिस उसके साथ उसके घर पहुंची जहां 13 साल की लड़की और आठ साल के मासूम लड़के के शव पड़े थे। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्‍टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस हत्‍यारे पिता और आसपास के लोगों से पूछताछ कर मामले की छानबीन में जुटी है। पुलिस ने हत्या में इस्‍तेमाल हथियार भी बरामद कर लिया है।

पत्‍नी पर शक करता था आरोपी
मिली जानकारी के अनुसार बेटी और बेटे को मौत के घाट उतारने वाले शख्‍स को अपनी पत्‍नी पर शक था। इस वजह से चंदन और उसकी पत्‍नी के बीच अक्‍सर विवाद होता था। रोज-रोज की लड़ाई से तंग आकर उसकी पत्नी अपने मायके चली गई थी। इसी शक में उसने इस सनसनीखेज घटना को अंजाम दे दिया। मोकामा थाना के कन्हाईपुर गांव के रहने वाले इस शख्‍स का नाम चंदन महतो है।
उसके हाथों मारे गए बेटे का नाम अंकित और बेटी का नाम अलीशा है। इस वारदात का खुलासा शुक्रवार की सुबह हुआ। आसपास के लोगों ने पुलिस को बताया कि रात करीब दो से तीन बजे के बीच इस शख्‍स को गांव में पागलों की तरह घूमते हुए देखा गया। उस समय लोगों को वारदात के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। सुबह जब पुलिस उसके घर पहुंची तब गांववालों को इस बारे में पता चला।

Related Posts

Leave a Comment