सोशल मीडिया पर अश्लील फोटो वायरल होने पर लड़की सहमी, फांसी लगाकर दे दी जान

by Kakajee News

आगरा के एक मोहल्ला निवासी किशोरी ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। पड़ोस में रहने वाले एक युवक ने किशोरी के अश्लील फोटो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए थे, जिसके बाद से वह अवसाद में थी। हालांकि किशोरी के पिता ने 19 मई को आरोपित समेत उसके परिवार के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। वहीं आरोपितों की तलाश में दबिश दी जा रही है।
कस्बे के एक मोहल्ला निवासी व्यक्ति ने 19 मई को थाना एत्मादपुर में मुकदमा दर्ज कराया था। आरोप है कि उसके घर के पास ही रहने वाले विशाल ने बदला-फुसला कर उसकी नाबालिग बेटी के अश्लील फोटो खींच लिए। इसके बाद उन फोटो को आरोपित ने सोशल मीडिया पर एक फर्जी अकाउंट बनाकर वायरल कर दिया। जानकारी होने पर किशोरी के परिजनों ने आरोपित का विरोध करते हुए परिजनों से शिकायत की।
आरोप है कि आरोपित फोटो हटाने के एवज में पैसों की मांग करने लगे। पिता ने कानून का सहारा लिया। थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। पुलिस ने आरोपित युवक विशाल समेत उसके पिता राजू, मां प्रीति और सूरज ठाकुर के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कराया।
लेकिन इस घटना के बाद किशोरी सहमी हुई थी। बदनामी के डर से उसका घर से निकलना बंद हो गया था। मोहल्ले में लोग तरह-तरह की चर्चाएं करने लगे हैं। इसी के चलते रविवार दोपहर किशोरी ने घर में दुपट्टे के सहारे फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। किशोरी भाई-बहनों में सबसे बड़ी थी। किशोरी की मौत के बाद परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर थाना पुलिस पहुंची। किशोरी के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
सीओ एत्मादपुर अर्चना सिंह ने बताया कि पूर्व में ही पीड़िता के पिता की तहरीर पर चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। लगातार उन्हें पकड़ने के लिए दबिश दी जा रही थी। फर्जी फेसबुक अकाउंट को बंद करा दिया गया था। आरोपियों कि गिरफ्तारी के लिए टीम गठित दी गई है।

Related Posts

Leave a Comment