प्रेमिक संग घर से भागा बेटा तो मां को मिली सजा, 9 घंटे तक बनाया बंधक, बाल काटकर गांव में घुमाया

by Kakajee News

बिहार के नालंदा जिले के अस्थावां थाना क्षेत्र के एक गांव से बुधवार को प्रेमी युगल फरार हो गये। इसके बाद गुरुवार को लड़की पक्ष के लोगों ने लड़के की मां को घर से उठा लिया। इसके बाद करीब नौ घंटे बंधक बनाये रखा। इतना से भी मन भरा तो महिला के बाल काटे। उसे पूरे गांव में घुमाया। बंधक बनी महिला के साथ तरह-तरह के जुल्म ढाये।
मामले की भनक लगने पर कई थानों की पुलिस वहां पहुंची। लेकिन, लड़की के परिजन छोड़ने को तैयार नहीं थे। आखिरकार, पुलिस अधिकारियों की मशक्कत और स्थानीय जिला परिषद सदस्य बालमुकुंद कुमार के हस्तक्षेप पर महिला को सशर्त छोड़ा गया। पुलिस ने लड़की को शीघ्र बरामद करने का आश्वासन दिया। घटना के बाद से गांव के दो गुटों के बीच तनातनी के हालात बने हुए हैं। एहतियातन गांव में दर्जनों पुलिसकर्मियों की तैनाती की गयी है।
लोगों ने बताया कि लड़का-लड़की के भागने के बाद लड़की पक्ष वाले प्रेमी की मां को जबरन अपने घर ले गये। साथ ही, उसके घरवालों को चेताया कि जबतक लड़की वापस नहीं आएगी, महिला को रिहा नहीं किया जाएगा। घटना की सूचना पाकर अस्थावां, सारे, बिन्द व मानपुर थानों की पुलिस गांव पहुंची। पुलिस के समझाने के बाद भी लोग मानने को तैयार नहीं थे। अंत में लड़की को बरामद करने का आश्वासन व स्थानीय लोगों के समझाने-बुझाने के बाद महिला को छोड़ा गया।
थानाध्यक्ष संतोष कुमार ने बताया कि मामले को शांत करवा दिया गया है। पुलिस कार्रवाई में जुट गयी है। सदर डीएसपी डॉ. शिब्ली नोमानी ने घटना की जांच के बाद कड़ी कार्रवाई करने की बात कही है। लड़का पक्ष के लोगों का कहना है कि बंधक बनाये जाने के दौरान लड़के की मां के साथ बदसलूकी की गयी है। बाल काटकर पूरे गांव में घुमाया गया। मारपीट भी की गयी है। महिला ने बताया कि बंधक बनाने के दौरान उसे भद्दी-भद्दी गालियां दी गयीं। वह बार-बार यह कहती रही कि उसका लड़का कहां गया है, उसे मालूम नहीं है। लेकिन, लड़की के परिजन यह मानने को तैयार नहीं थे।

Related Posts

Leave a Comment