पोते की शादी करने से इनकार करने पर गुस्साए लड़की पक्ष के लोगों ने दादा सुरेंद्र सिंह (60 वर्ष) को पीट-पीट कर मार डाला। यह घटना परसा बाजार थाना क्षेत्र के महुली गांव में रविवार को घटी। इस मामले में लड़के के पिता यमुना उर्फ नंद किशोर सिंह की ओर से परसा बाजार थाने में वैशाली के नामजद आरोपितों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस ने तीन आरोपितों को हिरासत में ले लिया है। अन्य की तलाश की जा रही है। घटना को लेकर गांव में तनाव व्याप्त है। इसको लेकर देर रात एसएसपी उपेंद्र शर्मा दलबल के साथ परसा बाजार थाने पहुंचे और घटना की बिन्दुवार जानकारी ली।
प्रेम प्रसंग के बीच दूसरी लड़की से तय हो गया था रिश्ता
बताया गया है कि कुछ दिन पूर्व वैशाली की एक लड़की अपने रिश्तेदार के घर महुली गांव आयी थी। यहीं पर यमुना सिंह के पुत्र धर्मेंद्र और वैशाली की लड़की में प्यार हो गया। मोबाइल पर दोनों के बीच चैटिंग होती थी जबकि लड़के के घरवालों ने धर्मेंद्र का रिश्ता दूसरी लड़की से तय कर दिया। वैशाली की लड़की के परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो वह दूसरी लड़की से शादी तय करने का विरोध करने लगे। उनका कहना था कि जब दोनों एक दूसरे से प्यार करते हैं तो दूसरी लड़की से शादी न की जाए। इसको लेकर रविवार को वैशाली की लड़की के घर वाले महुली गांव आये और धर्मेंद्र की शादी अपनी लड़की से करने के लिए यमुना सिंह पर दबाव बनाने लगे लेकिन लड़के के पिता यमुना सिंह और दादा सुरेंद्र सिंह उक्त लड़की से धर्मेंद्र की शादी करने से साफ तौर पर इनकार कर दिया।
इसको लेकर दोनों पक्ष में गाली-गलौज व धक्की मुक्की होने लगी। इसी बीच लड़की पक्ष के लोगों ने बीच बचाव कर रहे धर्मेंद्र के दादा सुरेंद्र सिंह की पीट-पीट कर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपित भाग गये। परसा बाजार थाना के प्रशिक्षु डीएसपी प्रिया ज्योति ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। मृतक के पुत्र ने हत्या का आरोप लगाया है। जल्द ही सभी आरोपित सलाखों के पीछे होंगे।
