घर में सो रही महिलाओं को बंधक बनाकर दुष्कर्म, नकदी-जेवरात लूटकर भागे

by Kakajee News

उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में शनिवार की रात हौसलाबुलंद बदमाशों ने घर में घुसकर लूटपाट की। घर में मौजूद दोनों महिलाओं को बंधक बनाकर नकदी-जेवरात समेत लाखों का सामान लूट ले गए। वहीं, महिलाओं ने दुष्कर्म का भी आरोप लगाया है। पुलिस ने सुबह घटनास्थल पर पहुंचकर छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार, कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में अविवाहित दिव्यांग महिला(40) गांव के बाहर स्थित मकान में रहती है। परिवार के अन्य लोग गांव में स्थित मकान में रहते हैं। महिला की देखभाल के लिए परिवार का एक सदस्य रात में उसके पास रहता है।
शनिवार की रात दिव्यांग महिला और उसकी भाभी घर में सो रही थीं। आधी रात के बाद दो बदमाश दीवार फांदकर घर में घुस गए। दोनों महिलाओं के हाथ-पैर बांध दिए। उनसे चाभी लेकर आलमारी, बक्सा खोलकर बदमाश उसमें रखी 25 हजार की नकदी, सोने-चांदी के आभूषण सहित अन्य सामान समेट ले गए।
आरोप है कि बदमाशों ने महिलाओं के साथ दुष्कर्म भी किया। सुबह किसी तरह बंधन से मुक्त होकर महिलाओं ने शोर मचाया तो ग्रामीणों को घटना की जानकारी हुई। सूचना पाकर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। कोतवाल त्रिवेणी लाल सेन मौके पर पहुंचे। घटनाक्रम की जानकारी ली। ग्रामीणों ने डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुलाने की मांग की। कोतवाल ने बताया कि महिलाओं का मेडिकल परीक्षण कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर जांच कर कार्रवाई की जाएगी।

Related Posts

Leave a Comment