रायगढ़। जिले में एक दिन मेंं रिकार्ड सवा लाख वैक्सीनेशन पर शहर के युवा समाजसेवी महावीर अग्रवाल ने कलेक्टर भीम सिंह को बधाई देते हुए कहा कि रायगढ़ जिला कलेक्टर का पदभार सम्हालने के बाद से ही अपनी विशिष्ट कार्यशैली से कलेक्टर भीम सिंह ने जनता में एक अलग ही छवि बनाई है। आमजनता को बुनियादी सुविधाएं मुहैया कराने के साथ ही शहर को साफ, स्वच्छ व सुंदर बनाने में निगम आयुक्त के साथ मिलकर उन्होंने सुनियोजित कार्ययोजना बनाकर चरणबद्ध रूप से कार्य प्रारंभ करवाए, उसकी जितनी तारीफ की जाए, कम है।
श्री अग्रवाल ने कहा कि अपने एक साल के कार्यकाल के दौरान कलेक्टर भीम सिंह ने अपनी प्रशासनिक क्षमता, दूरदर्शिता के साथ एक लीडर के तौर पर अपनी अमिट छाप आमजन में बनाई है। कोरोना की दूसरी लहर में तो उनकी लीडरशिप व प्रशासनिक दक्षता का अनुपम उदाहरण देखने को मिला। जब पूरे देश में आक्सीजन बेड की किल्लत बनी हुई थी, तब हमारे जिले में पर्याप्त आक्सीजन बेड थे। उसके बाद भी वे आक्सीजन बेड की क्षमता बढ़ाने, उसका विस्तार देने में लगे रहे। शहर के साथ ग्रामीण क्षेत्र के सरकारी अस्पतालों में स्वास्थ्य सुविधा का विस्तार करने में लगे रहे, जिसका परिणाम यह हुआ कि कोरोना महामारी में इतने अधिक पाजिटिव प्रकरण आने के बाद भी बेड के लिए हमारे जिले में मारामारी नहीं हुई। वर्तमान में देशभर में जारी कोविड वैक्सीनेशन में भी कलेक्टर भीम सिंह के मार्गदर्शन में रायगढ़ में बेहतरीन कार्य हो रहे हैं। कोरोना वैक्सीन के बारे में ग्रामीणों में फैली भ्रांतियों व अफवाहों के बीच टीकाकरण में प्रदेश में हमारा जिला रायगढ़ टॉप पर चल रहा है। कलेक्टर भीम सिंह ने पूरे टीकाकरण की मानिटरिंग खुद कर रहे हैं। एक ओर वे खुद ग्रामीणों के घर जाकर उन्हें समझा रहे हैं, तो दूसरी ओर उच्चाधिकारियों से बात कर पर्याप्त टीके की सप्लाई जिले को करवा रहे हैं, इसी का नतीजा है कि शनिवार को चले टीकाकरण महाभियान में जिले ने 75 हजार लक्ष्य से अधिक सवा लाख वैक्सीनेशन कराकर एक रिकार्ड बना दिया। समाजसेवी महावीर अग्रवाल ने कलेक्टर भीम सिंह को इस कार्य व उपलब्धि के लिए शुभकामनाएं व बधाई देते हुए कहा कि उनके नेतृत्व व मार्गदर्शन में हमारा जिला विकास के नए सोपान तय करेगा।
245
