बिहार के मुजफ्फरपुर जिले के एएसपी वेस्ट सैयद इमरान मसूद के नाम से एक युवक सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर लड़कियों की अश्लील फोटो मंगवाता था और उसके साथ अश्लील हरकतें करता था। आरोपी सद्दाम हुसैन को टाउन थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके पास से मोबाइल भी बरामद किया गया है। इससे आईपीएस अफसर की फर्जी आईडी बनाए जाने का पुख्ता सबूत मिला है। मोबाइल में लड़कियों के दर्जनों न्यूड तस्वीरें भी मिली है। 2 जुलाई को उसे मुजफ्फरपुर लाकर पूछताछ की गई।
आरोपी शख्स ने मुजफ्फरपुर के एएसपी वेस्ट सैयद इमरान मसूद के नाम से फेसबुक पर फर्जी प्रोफाइल बना रखी थी। इतना ही नहीं शख्स ने प्रोफाइल फोटो में आईपीएस सैयद इमरान मसूद का वर्दी वाली तस्वीर भी लगाई थी। आईपीएस सैयद इमरान मसूद को जब अपनी फेक फेसबुक प्रोफाइल की जानकारी मिली तो उन्होंने नगर थाना में केस दर्ज कराकर इसकी जांच शुरू की।
आरोपी न्यूड तस्वीर और पैसे की करता था डिमांड
टाउन थाना के एसआई ओम प्रकाश कुमार के मुताबिक, आरोपी सद्दाम हुसैन, आईपीएस सैयद इमरान मसूद के नाम से फेक प्रोफाइल बनाकर, लड़कियों से न्यूड फोटो मंगवाता था, पैसे की डिमांड करता था और गलत लहजे में बातकर लोगों को डराता-धमकाता था। आरोपी सद्दाम हुसैन को नगर थाने की पुलिस ने साइबर सेल की मदद से यूपी बॉर्डर के कैमूर के दुर्गावती थाना के धनेछा गांव में छापेमारी कर गिरफ्तार किया है।
टाउन थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार किया
पुलिस के मुताबिक, एएसपी वेस्ट सैयद इमरान मसूद की ओरिजिनल फेसबुक पर कुछ परिचत और रिश्तेदारों का मैसेज आया कि कोई शख्स आपका फेक प्रोफाइल बनाकर गलत इस्तेमाल कर रहा है। इस पर एएसपी ने तत्काल फेसबुक प्रोफाइल खोलकर देखा तो उनके नाम सच में फर्जी आईडी बना हुई थी। इसके बाद नगर थाने में आईपीएस अधिकारी ने शिकायत दर्ज कराई, जिसके बाद सद्दाम को पकड़ा गया।
